loader
The Haryana Story | सियासतदानों में सियासी जंग : हरियाणा ''विधानसभा चुनाव ऐलान'' के बाद तमाम दिग्गजों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू

सियासतदानों में सियासी जंग : हरियाणा ''विधानसभा चुनाव ऐलान'' के बाद तमाम दिग्गजों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू

सूबे में विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 4 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आएंगे, चुनाव आयोग की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिक्रिया सामने आई है

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा विधानसभा चुनाव ऐलान के बाद सियासतदानों में सियासी जंग छिड़ गई है। सूबे में विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 4 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आएंगे। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "1 अक्टूबर 2024 को हरियाणा की जनता लोकतंत्र के महापर्व के लिए तैयार है। 1 अक्टूबर को जनता एक बार फिर पोलिंग बूथ पर जाकर कमल का बटन दबाएगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। अक्टूबर 4 हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।"

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'अक्टूबर 4, भाजपा बाहर

वहीं मुख्यमंत्री के अलावा विभिन्न पार्टियों के तमाम दिग्गजों प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'अक्टूबर 4, भाजपा बाहर। हमने जो कार्यक्रम किए और जो कार्यक्रम चले हैं, इनमें जनता का जोश और समर्थन मिल रहा है। इस हिसाब से मैं कह सकता हूं कि आने वाली सरकार कांग्रेस की बनेगी।

एक भी काम सरकार ने नहीं किए। यह पोर्टल की सरकार थी। प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ। एक मेट्रो प्रोजेक्ट नहीं आया, एक रेलवे लाइन नई हरियाणा में नहीं आई। कोई नया संस्थान यहां लेकर नहीं आए।' वहीं रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'वो दिन आ गया है जिसका हरियाणा की जनता बेसब्री से इंतजार कर रही थी। अक्टूबर 4, भाजपा बाहर।' 

अनिल विज बोले- पार्टी पूरी तरह तैयार

पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, 'बहुत अच्छी बात है, 1 अक्टूबर को हरियाणा के चुनाव होंगे, उस समय बहुत अच्छा मौसम रहेगा, लोग बड़ी संख्या में निकल कर आएंगे। जहां तक हमारी पार्टी की बात है हमारी पार्टी पूरी तरह से तैयार है। हमने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी।'

जेजेपी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी : दुष्यंत चौटाला

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि जननायक जनता पार्टी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने जेजेपी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव लाने के लिए सभी कार्यकर्ता अगले 45 दिन फील्ड में उतर कर दिन-रात मेहनत करें।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी जोर-शोर से जारी है। शुक्रवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री ने उचाना में 50 से ज्यादा कार्यक्रमों में शिरकत की और जेजेपी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जोश भरा। 

उदयभान ने कहा- आज हाथ बदलेगा हालात और कांग्रेस से ही आस

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा, 'हरियाणा की जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी थी। चुनाव आयोग ने जल्दी तारीखों का ऐलान कर अच्छा कदम उठाया है। मैं चुनाव आयोग का धन्यवाद करता हूं। अब समय आ गया है, इस शासन को उखाड़ फेंकने का। हरियाणा में आज हाथ बदलेगा हालात और कांग्रेस से ही आस।

पूरे हरियाणा में जो अभियान चल रहा है उससे और पहले किए गए कार्यक्रमों से पार्टी को फायदा मिलेगा। पूर्व सीएम हुड्डा, मेरे और दीपेंद्र के कार्यक्रमों में जो जनसैलाब आ रहा था, उससे स्पष्ट हो गया था कि जनता बदलाव के लिए तैयार बैठी है। यह समय कैंडिडेट चयन का समय है। हम जीताऊ कैंडिडेट लेकर आएंगे और दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।' 

रणदीप सुरजेवाला बोले-हरियाणा का इंतजार पूरा होने जा रहा

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही हरियाणा का इंतजार पूरा होने जा रहा है। पहली अक्टूबर को, पहले पहर में ही भाजपा की विदाई पर जनता की मुहर लग जाएगी। जनता के जनमत से विश्वासघात करके बनी भाजपा सरकार ने शकुनी के चौसर की तरह फांस कर हरियाणा को चौतरफा चौपट करने का पाप किया है।

हरियाणा की जनता ने अब भाजपा के पर्दे के पीछे का छुपा खेल समझ लिया। इस बार सारा हिसाब बराबर होगा। हरियाणा की जनता अब भाजपा के हर धोखे, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार का जवाब देने जा रही है। अब कांग्रेस का हाथ और हरियाणा का साथ मिलकर, प्रदेश को फिर से उन्नति और खुशहाली के पथ पर लेकर जाने को तैयार है। 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर के नतीजों का इंतजार है। अबकी बार हरियाणा में आ रही फिर से कांग्रेस की सरकार है।' 

पूर्व सांसद बृजेंद्र बोले- आया भाजपा की विदाई का वक्त 

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा, 'चुनाव आयोग द्वारा आज घोषित हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का स्वागत है। हरियाणा से भाजपा सरकार की विदाई का वक्त आ गया है। प्रदेश कांग्रेस इकाई एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी और जनता के सहयोग से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।' 

आम आदमी पार्टी इस बार बहुत सीटें जीतेगी : पाठक

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने कहा, 'हरियाणा की जनता ने सभी राजनीतिक दलों को मौका दिया है, लेकिन जनता को सिर्फ धोखा मिला है। हरियाणा की जनता अबकी बार बदलाव के लिए वोट देगी। आम आदमी पार्टी इस बार बहुत सीटें जीतेगी। अरविंद केजरीवाल को ये चाहे जेल में रखें, पार्टी आगे बढ़ती रहेगी।'

Join The Conversation Opens in a new tab
×