loader
The Haryana Story | मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और यादगार बनाने में जुटी भाजपा, विपक्षी नेताओं को भी दिया जाएगा न्योता

मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और यादगार बनाने में जुटी भाजपा, विपक्षी नेताओं को भी दिया जाएगा न्योता

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंचकूला का दौरा किया

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा में तीसरी बार भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है। इस बार भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल किया है। इस जीत है बाद हरियाणा के नए मुख्यमंत्री और नया मंत्रिमंडल शपथ के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत करेंगे, जिसको लेकर हरियाणा में 17 अक्टूबर 2024 को भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है, जिसका आयोजन पंचकूला सेक्टर 5 के दशहरा मैदान में किया जाएगा। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख नेता शिरकत करेंगे।

पंचकमल में व्यवस्था प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंचकूला का दौरा किया और साथ ही समारोह स्थल पर जाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय पंचकमल में व्यवस्था प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, प्रदेश महामंत्री डॉक्टर अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया और समारोह के संयोजक पूर्व सांसद संजय भाटिया भी मौजूद रहे।

पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली

भाजपा सरकार इस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। इस प्रक्रिया में संगठन और प्रशासन दोनों की ओर से व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। तरुण चुघ ने बैठक में दो दर्जन से अधिक विभागों का गठन किया और प्रत्येक विभाग को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से तैयारियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

तरुण चुघ ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया है और यह तीसरी बार पार्टी की सरकार बनने का एक ऐतिहासिक क्षण है। प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया ने भी कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया है और पार्टी हरियाणा को एक विकसित प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व सांसद संजय भाटिया ने इसे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि यह भाजपा सरकार के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।

विपक्षी नेताओं को भी दिया जाएगा न्योता

उन्होंने बताया पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, अभय चौटाला,दुष्यंत चौटाला सहित अन्य विपक्षी दल के नेताओं को भी कार्यक्रम का निमंत्रण दिया जाएगा। उल्लेखनीय की इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

वहीं मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए संगठन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता, जिसको लेकर पूर्व सांसद संजय भाटिया को कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है। जिनकी देखरेख में पंचकूला के परेड ग्राउंड को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। यही नहीं पूरे पंचकूला शहर मे भी रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य जारी है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त और दुरुस्त बनाने के लिए सीआईडी प्रमुख आलोक मित्तल विशेष तौर पर मोर्चा संभाले हुए हैं। 

एक साधारण परिवार के नायब सैनी को प्रदेश की बागडोर सौंपी

उन्होंने बताया कि भाजपा हाईकमान द्वारा एक साधारण परिवार के नायब सैनी को प्रदेश की बागडोर सौंपी। जो कि 24 घंटे प्रदेश के आमजन के लिए तत्पर रहते हैं। चाहे समाज का कितना भी गरीब व्यक्ति क्यों ना हो वह भी मुख्यमंत्री नायब सैनी की बाजू पकड़कर उन्हें कोने में ले जाकर अपनी बात  निसंकोच कह सकता है। यही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे भी आमजन के लिए 24 घंटे खुले रखे हैं। वे  रात्रि 12:00 बजे भी आम आदमी के लिए हाजिर रहते हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×