loader
The Haryana Story | पांच बार सीएम रहे 'ओपी चौटाला के निधन पर' हरियाणा ही नहीं देशभर ने जताया गहरा शोक

पांच बार सीएम रहे 'ओपी चौटाला के निधन पर' हरियाणा ही नहीं देशभर ने जताया गहरा शोक

डॉक्टरों ने ओमप्रकाश चौटाला की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पार्टी के सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पार्टी के सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने शुक्रवार की दोपहर 12 बजे मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। जैसे ही उनके निधन की खबर मिली तो हरियाणा सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें शुक्रवार सुबह गुरुग्राम स्थित अपने निवास पर अचानक दिल का दौरा पड़ा था जिस पर परिजनों ने तुरंत उन्हें मेदांता अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर्स उन्हें बचा नहीं सके। उल्लेखनीय है कि  चौटाला 1989 में पहली बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने थे। वे पांच बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम में अंतिम सांस ली।

उनके निधन पर देश-प्रदेश की हस्तियों ने शोक व्यक्त किया

हरियाणा ही नहीं देशभर ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। आपको बता दें कि शनिवार को सुबह 8 से 2 बजे तक सिरसा के तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा और दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी। डॉक्टरों ने ओमप्रकाश चौटाला की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। वहीं उनके निधन पर देश-प्रदेश की हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

वहीं जैसे ही इस बारे में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मालूम हुआ तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’

वे एक दूरदर्शी नेता थे : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो के वरिष्ठ नेता चौ. ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री ओपी चौटाला के निधन से हरियाणा की राजनीति के एक अध्याय का अंत हो गया है। उनकी कमी को पूरा कर पाना मुश्किल है। हरियाणा की राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौटाला का व्यक्तित्व सादगी और संघर्ष का प्रतीक था। वे एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने ग्रामीण विकास, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कई योजनाएं चलाईं। उनके निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश को गहरा आघात लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते  हैं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल दें।

प्रदेश के विकास में काफी योगदान दिया : हुड्डा

इस दौरान हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा का बभी बयान सामने आया। दरअसल उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में हमारे साथी रहे चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुखद है। उनसे हमारे पारिवारिक संबंध रहे और अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने प्रदेश के विकास में काफी योगदान दिया। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। भगवान से प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करें।

यह बहुत दुखदायी समाचार : अनिल विज

ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा, ‘यह बहुत दुखदायी समाचार है। ओम प्रकाश चौटाला ने इस प्रदेश में बहुत लंबी राजनीति की, जिनका इस प्रदेश में बहुत योगदान रहा है। वे 5 बार हरियाणा मुख्यमंत्री भी रहे

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने जताया गहरा शोक

इसके अलावा कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने भी गहरा शोक जताया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और INLD प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला का निधन पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए क्षति है। हम ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार व उनसे लगाव रखने वाले सभी लोगों को हौसला दे।

डॉ. अरविंद शर्मा ने दी ओपी चौटाला को श्रद्धांजलि

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन की दुःखद खबर से देश के राजनीतिक जगत में अपूर्णीय क्षति हुई है। चौटाला साहब ज़मीन से जुड़े हुए एक संघर्ष के प्रतीक नेता थे, जिनका देश-प्रदेश में योगदान सदा याद रखा जाएगा। वहीं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार, हरियाणा खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर। हरियाणा मंत्रिमंडल के सभी कैबिनेट मंत्रियों सांसदों, विधायकों व पूर्व मंत्रियों के अलावा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों व मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया।

कृषि मंत्री ने ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यहां जारी एक बयान में कृषि मंत्री ने चौटाला को एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और दूरदर्शी नेता बताया, जिन्होंने अपना जीवन हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

कृषि मंत्री ने कहा, “हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश चौटाला के निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। हरियाणा की राजनीति और प्रदेश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनकी सादगी, दूरदर्शिता और नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा। इस कठिन समय में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।” 

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने चौटाला के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चौटाला एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपना जीवन हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा के विकास में ओम प्रकाश चौटाला के योगदान और यहां के लोगों, विशेषकर किसानों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन राज्य और यहां के लोगों के लिए बहुत बड़ी क्षति है। दत्तात्रेय ने चौटाला के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव को याद करते हुए कहा कि जब मैं केंद्रीय शहरी विकास मंत्री था, तब चौटाला हरियाणा के सीएम थे।

उन्होंने एनसीआर के विकास के संबंध में मुझसे मुलाकात की थी। एनसीआर विकास बोर्ड की बैठक के दौरान चौटाला, जो इसके सदस्य भी थे, क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के बारे में अपनी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि और दृष्टिकोण साझा करते थे। 89 साल की उम्र के बावजूद भी चौटाला जी सार्वजनिक जीवन में सक्रिय थे। दत्तात्रेय ने आज अभय चौटाला से बात की और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। दत्तात्रेय ने कहा दिवंगत आत्मा को शांति मिले। 

पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का निधन प्रदेश के लिए दुखःद : मंत्री कृष्ण लाल पंवार

हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा दुखः व शोक व्यक्त किया है। उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए दुखद है, जिसकी पूर्ति नहीं की जा सकती। आज यहां जारी एक शोक संदेश में विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लंबे समय तक उन्होंने ओमप्रकाश चौटाला के साथ काम किया है। वे एक नेक दिल इंसान थे।

किसान मजदूर व कमेरो के हित की सदैव आवाज उठाई और उनके लिए कार्य किए। उनमें जबरदस्त स्मरण शक्ति थी। हर छोटे-बड़े कार्यकर्त्ता को नाम से पुकारते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री से लेकर विपक्ष की सभी राजनीतिक पार्टीयों के नेता श्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। वे वास्तव में जमीन से जुड़े हुए नेता थे। पंचायत मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Join The Conversation Opens in a new tab
×