loader
The Haryana Story | हरियाणा के विकास को गति देने के लिए 'ट्रिपल इंजन सरकार' की ज़रुरत : सैनी

हरियाणा के विकास को गति देने के लिए 'ट्रिपल इंजन सरकार' की ज़रुरत : सैनी

भाजपा का संकल्प पत्र हरियाणा की जनता के सुझावों और आकांक्षाओं का सजीव प्रतीक

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को रोहतक में हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव-2025 के लिए भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह संकल्प पत्र हरियाणा के विकास का रोडमैप है, जिसमें किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और मजदूर सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है।

यह दस्तावेज जनता से मिले सुझावों और उनकी आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और संकल्प पत्र समिति के संयोजक विपुल गोयल ने भी संकल्प पत्र को हरियाणा के शहरों को विकसित करने की रूपरेखा करार दिया। यहां पहले प्रदेश स्तरीय और फिर तुरंत बाद रोहतक के संकल्प पत्र का विमोचन किया। 

हरियाणा का विकास पहले से कहीं अधिक तेज़ी से आगे बढ़ेगा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संकल्प पत्र में शामिल विकास के 21 प्वाइंटों को मीडिया के सामने रखा। सैनी ने कहा कि हरियाणा को तेज़ गति से विकास के लिए “ट्रिपल इंजन सरकार“ की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पहला इंजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार है, जो वित्तीय सहायता और नीतिगत सहयोग प्रदान कर रही है।

दूसरा इंजन हरियाणा सरकार है जो इन योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू कर रही है। तीसरा इंजन नगर निकायों में भाजपा की सरकार होगी जो स्थानीय स्तर पर विकास को गति देने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ये तीनों इंजन एक साथ काम करेंगे तो हरियाणा का विकास पहले से कहीं अधिक तेज़ी से आगे बढ़ेगा, जिससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा। 

हरियाणा के समग्र विकास के लिए ट्रिपल इंजन की आवश्यकता : मोहन लाल बड़ौली 

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा भाजपा का यह संकल्प पत्र प्रदेश के समग्र विकास और नागरिकों की बेहतरी के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से हरियाणा को एक नई दिशा मिली है।

सरकार ने अनेक विकास योजनाओं पर कार्य किया है, जिससे प्रदेश के हर नागरिक को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के तहत नगर निगमों और नगर निकायों के लिए अलग-अलग घोषणाएं की गई हैं ताकि शहरी विकास को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रदेश के तेज़ विकास के लिए “ट्रिपल इंजन सरकार“ केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों का सामूहिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हरियाणा की जनता से भाजपा के विजन को समर्थन देने की अपील की, जिससे राज्य को सशक्त और विकसित बनाया जा सके। 

नॉन-स्टॉप हरियाणा के लिए भाजपा संकल्पबद्ध : विपुल गोयल

संकल्प पत्र समिति के संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि भाजपा की गारंटी है। इसमें 21 प्रमुख बिंदु शामिल हैं जो हरियाणा के समग्र विकास की दिशा तय करेंगे। श्री गोयल ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का जो संकल्प पत्र का विमोचन हो रहा है यह नॉनस्टॉप हरियाणा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जिस तरीके से पिछले 4 महीने से हरियाणा में गति पकड़ी है उसको और तेज गति देने के लिए जारी किया जा रहा है। संकल्प पत्र में महिलाओं, व्यापारियों, युवाओं और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े फैसलों का रोडमैप दिया गया है।

विपुल गोयल ने कहा कि संकल्प पत्र में महिलाओं को विशेष राहत, व्यापार के आधुनिकीकरण, स्मार्ट स्ट्रीट, ऑनलाइन लाइब्रेरी और मॉडर्न पार्क जैसी योजनाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने पिछले चार महीनों में तेज़ गति पकड़ी है और भाजपा सरकार इसे और आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। जब हरियाणा सरकार ने 100 दिन पूरे किए थे, तब संकल्प पत्र के 21 वादों को पूरा कर दिखाया था। इसी तरह, भाजपा का यह संकल्प पत्र भी नॉन-स्टॉप हरियाणा की दिशा में बड़ा कदम होगा जिसे प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। 

पूर्व विधायक केहर सिंह रावत भाजपा में शामिल

हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव-2025 संकल्प पत्र के विमोचन के बाद हथीन से इनेलो के पूर्व विधायक केहर सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली,पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×