loader
The Haryana Story | वैदिक मंत्रों व वंदेमातरम् की ध्वनि से गूंजा पानीपत नगरनिगम, मेयर कोमल सैनी ने सनातन विधान के साथ संभाला कार्यभार

वैदिक मंत्रों व वंदेमातरम् की ध्वनि से गूंजा पानीपत नगरनिगम, मेयर कोमल सैनी ने सनातन विधान के साथ संभाला कार्यभार

हरियाणा के मंत्रियों, विधायकों सहित जिला अध्यक्ष और पार्षदों ने दी शुभकामनाएं

प्रतीकात्मक तस्वीर

नवनिर्वाचित महापौर कोमल सैनी ने द्वितीय नवरात्र के शुभ अवसर पर विधिवत समारोह में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और नगर निगम आयुक्त पंकज यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।

वंदेमातरम् की ध्वनि से नगर निगम मेयर का नया कार्यालय गूँज उठा

समारोह में हरियाणा के मंत्रियों, विधायकों सहित जिला अध्यक्ष और पार्षदों और शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दी। शहर के प्रतिष्ठित पंडितों ने सनातन विधान के अनुसार मंत्रोच्चारण करते हुए महापौर कोमल सैनी को अपना सफलतापूर्वक अपना कार्यकाल पूरा करने का आशीर्वाद दिया और वैदिक मंत्रों व श्लोक उच्चारण व वंदेमातरम् की ध्वनि से नगर निगम मेयर का नया कार्यालय गूँज उठा। 

लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए : पंचायत मंत्री

समारोह में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मेयर कोमल सैनी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता और सरकार के बीच कोई सीमा रेखा नहीं होती। कोई भी फरियादी किसी भी वक्त अपने निकट के जन प्रतिनिधि से सम्पर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान करवाने का अधिकार रखता है। लोगों की स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए ही नगर निगम और नगर पालिकाओं की लोकल बॉडी स्थापित की गई हैं| इसलिए लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए। 

सभी जनप्रतिनिधि और सभी अधिकारी जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान करें : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि महापौर का पद अत्यधिक महत्वपूर्ण और संवेदनशील होता है। सैंकड़ों नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए प्रतिदिन कार्यालय में आते हैं इसलिए सभी जन प्रतिनिधि और सभी अधिकारी जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान करें। यदि उनके समक्ष यदि कोई गंभीर समस्या आ रही है तो जिला प्रशासन के माध्यम से हरियाणा सरकार के संज्ञान में लाए।

कोमल सैनी धार्मिक विचारों की मृदु भाषी उच्च शिक्षित महिला : विधायक विज

पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि शहर की सभी बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं जिन पर विकास कार्य तेजी से चल रहा है। अब नगर निगम के सहयोग से इन योजनाओं को समय से पूर्व पूरा करने में और अधिक मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महापौर कोमल सैनी धार्मिक विचारों की मृदु भाषी उच्च शिक्षित महिला हैं और इनकी कार्यशैली और इनकी लोकप्रियता का ही परिणाम है कि मेयर के चुनाव में जीत के मार्जिन के मामले में कोमल सैनी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।

समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना ने भी सरकार से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि उनकी ओर से महापौर कोमल सैनी को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा और वे जो भी जटिल समस्याएं उनके समक्ष रखेंगी उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखा जाएगा और समय रहते उनका समाधान भी करवाया जाएगा। 

भाजपा को अपनी मां के बराबर सम्मान देती हैं कोमल सैनी

इस अवसर पर महापौर कोमल सैनी ने कहा कि वे भाजपा को अपनी मां के बराबर सम्मान देती हैं और वे पार्टी के सिद्धांतों, कल्याणकारी नीतियों और समाज सेवा के कार्यों को पूरा करवाने के सभी प्रयास करेंगी। समाजसेवी रामकुमार सैनी ने कहा कि कोमल सैनी धार्मिक विचारों की महिला हैं और भाजपा की नीतियों में इनकी गहरी आस्था है।

यही कारण है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को हर हाल में सुनती हैं और उससे प्रेरणा लेकर समाज कल्याण के कार्यों में जुट जाती हैं| कोमल सैनी पार्षद होते हुए भी घर परिवार की परवाह किए बिना महिला सशक्तिकरण, वृद्ध सम्मान, प्रकृति, जल और पर्यावरण एवं एतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करती रही हैं। मेयर पद की गरिमा को बढ़ाने के लिए उनका, उनके परिवार और शहर के प्रबुद्ध वर्ग का पूरा सहयोग मिलेगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×