हरियाणा के सोनीपत जिले की गोहाना तहसील में एसीबी की करनाल टीम ने एक रजिस्ट्री नवीस को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है, वहीं टीम को देख तहसीलदार दिवार से कूद कर मौके से फरार हो गया। टीम उसकी धरपकड़ के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। बता दें कि एंटी करप्शन ब्यूरो की करनाल टीम ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रजिस्ट्री नवीस राजीव कुमार मल्होत्रा गोहाना को तहसील से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानें क्या है मामला
टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 7, 7ए पी.सी. एक्ट 1988 व 61 बी.एन.एस. 2023 थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में केस दर्ज किया गया है। वहीं टीम का दावा है कि तहसीलदार को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी मुताबिक शिकायतकर्ता ने एसीबी करनाल को दी शिकायत में बताया कि उसने सोनीपत जिले के गोहाना के नजदीक गांव खंदराई में एक 667 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा है और इस प्लाट की रजिस्ट्री करने की एवज में सोनीपत जिला के गोहाना तहसील के तहसीलदार अभिमन्यु के कहने पर यशपाल मल्होत्रा अर्जी नवीस तहसील गोहाना ने उससे एक लाख रुपए नगद राशि बतौर रिश्वत की मांग की जा रही है
तहसीलदार मौका से फरार
वहीं शिकायतकर्ता की शिकायत पर एसीबी, करनाल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव कुमार मल्होत्रा उर्फ यशपाल मल्होत्रा अर्जी नवीस, तहसील गोहाना को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए की नगद राशि बतौर रिश्वत लेते रंगे हाथो तहसील गोहाना, जिला सोनीपत से गिरफ्तार किया है। टीम ने बताया कि उक्त आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्यवाही के दौरान इसी मामले में दूसरा आरोपी अभिमन्यु तहसीलदार गोहाना मौका से फरार होने में सफल हुआ। जिसके चलते आरोपी अभिमन्यु तहसीलदार गोहाना की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है। टीम का दावा है की आरोपी तहसीलदार अभिमन्यु को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।