loader
The Haryana Story | वक्फ कानून से कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों में बेचैनी, इधर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कह दी बड़ी बात

वक्फ कानून से कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों में बेचैनी, इधर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कह दी बड़ी बात

वक्फ सुधार जन जागरण अभियान’ को लेकर सोनीपत भाजपा कार्यालय में हुई प्रदेश कार्यशाला

प्रतीकात्मक तस्वीर

'वक्फ सुधार जन जागरण अभियान' को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यालय सोनीपत में प्रदेश कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, प्रदेश महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा एवं प्रदेश अभियान प्रभारी व प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता उपस्थित रही।

इस अवसर पर भाजपा हरियाणा के प्रदेश पदाधिकारी एवं अभियान से जुड़े प्रदेश संयोजक, जिला संयोजक, सह-संयोजक के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि वक्फ कानून से कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ी हुई है, इसलिए ये लोग मुसलमानों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक-2025 से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और गरीब का हक सिर्फ गरीब को ही मिलेगा। वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने वक्फ के एक-एक कानून की जानकारी दी और कहा कि यह कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि “ वक्फ संशोधन विधेयक बहुत सोच-समझकर लाया गया है। यह किसी के खिलाफ नहीं है। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग इससे संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नागरिकों के लिए संपत्ति के अधिकारों की रक्षा करने के महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने वक्फ प्रणाली के जरिए संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का काम किया। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि यह कानून समानता लाएगा और संपत्ति के अधिकारों की रक्षा करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर नागरिक को न्याय, समानता और अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। श्री सिद्दीकी ने कहा कि विपक्ष के नेता झूठा प्रचार-प्रसार करके मुसलमानों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि वे विपक्ष के नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और छल को समझे और उनके बहकावे में ना आएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वक्फ (संशोधन) विधेयक-2025 से वक्फ संपत्तियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। उन्होंने कहा कि वक्फ का नया कानून पारदर्शिता पूर्ण है। कांग्रेस पार्टी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों को गुमराह करती आई है। कांग्रेस ने कभी भी मुसलमानों को सशक्त और समृद्ध करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। कांग्रेस पार्टी ने वक्फ में लूट का रास्ता प्रशस्त किया।

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि “वक्फ संशोधन कानून को मोदी सरकार सोच समझकर लाई है और यह कानून किसी के खिलाफ नहीं है। वक्फ की आड़ में जो लोग मनमानी करते थे अब उनकी मनमानी पर लगाम लगेगी और गरीब लोगों तक वक्फ का लाभ पहुंचेगा। श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार ने सही समय पर यह निर्णय लिया है। देश के गरीब मुसलमानों के लिए यह कानून फायदेमंद साबित होगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×