
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करने वाले आयुष योग सहायकों की सेवा के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके परिजनों को अपने ऐच्छिक कोष से तीन-तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अब योग व प्राकृतिक चिकित्सकों का भी पंजीकरण किया जाएगा, इसकी इसी वर्ष से शुरूआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने स्कूलों में पहली से 10वीं कक्षा तक योग को पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया हुआ है।
बच्चों को बचपन से ही योग को समझने और जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मिलेगी
अब एक कदम और आगे बढ़ाते हुए योग, खेल व अन्य विषयों को सम्मिलित करते हुए पाठ्यक्रम में शामिल कर औपचारिक रूप से इनकी परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इससे बच्चों को बचपन से ही योग को समझने और जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं आज पंचकूला में आयोजित भव्य योग महोत्सव के दौरान की।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सूर्य नमस्कार अभियान 2025 के 264 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सफल भविष्य की कामना की और कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा की मिट्टी में प्रतिभा और परिश्रम की कोई कमी नहीं है।
आयुष विभाग में पारदर्शिता के लिए लॉन्च किए तीन पोर्टल
उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार अभियान 2025 में योग संस्थानों, आयुष योग सहायकों, शैक्षणिक संस्थाओं, जेल विभाग, पुलिस, सेना और अर्ध सैनिक बलों की भागीदारी रही, जो हमारे लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए 3 पोर्टल - ई-मार्केटप्लेस पोर्टल, आयुष औषधि इन्वेंटरी पोर्टल और ई औषधि लाइसेंसिंग पोर्टल भी लॉन्च किये। इनमें ई-मार्केटप्लेस पोर्टल के माध्यम से औषधीय पौधे तैयार करने वाले किसान, स्टाकिट्स आदि अपना पंजीकरण कर सकेंगे। उनसे कोई भी व्यक्ति औषधीय पौधों की खरीद कर सकेगा।
औषधियों की मांग कर सकते हैं और स्टॉक अपडेट देख सकते हैं
आयुष औषधियों की प्रबंधन प्रणाली पर आयुष विभाग के अधिकारी औषधियों की मांग कर सकते हैं और स्टॉक अपडेट देख सकते हैं। इसके अलावा, लाइसेंसिंग पोर्टल पर नये अथवा लोन लाइसेंस प्राप्त करने, पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण आदि के लिए आवेदन किया जा सकेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह योग महोत्सव एक विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह आगामी 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 से ठीक 25 दिन पहले आयोजित किया जा रहा है।
264 लोगों को सम्मानित किया
आज ऐसे 264 लोगों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने हाल ही में संपन्न हुए 'सूर्य नमस्कार 2025' अभियान में अपने असाधारण प्रदर्शन से हम सभी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार अभियान स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी से आरम्भ हुआ था और महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती 12 फरवरी को इसका समापन हुआ। इसमें 46 लाख लोगों ने भागीदारी की। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज योग न केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है।
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का परिणाम है कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। उस दिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने की पहली व सच्ची पहल की गई थी। उस समय 177 देशों ने भारत की इस पहल में अपना सहयोग दिया था और आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। उन्होंने कहा कि इस समय योग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया-हिट इंडिया' के नारे को साकार करने का माध्यम बन रहा है। आज हमारे व पूरी दुनिया के लिए योग केवल पार्ट ऑफ लाइफ नहीं है, बल्कि योग अब वे ऑफ लाइफ बन रहा है।
योग हमारे ऋषियों की वह अनमोल देन
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है। यह हमारे ऋषियों की वह अनमोल देन है, जिसे उन्होंने हजारों वर्षों की तपस्या और आत्म-अनुभव से प्राप्त किया। भगवान श्रीकृष्ण जी ने गीता में योग के बारे में कहा है- 'योग: कर्मसु कौशलम्' अर्थात् योग से कर्मों में कुशलता आती है। योग का अर्थ है जुड़ना, अर्थात् शरीर, मन और आत्मा का परमात्मा से जुड़ाव ही योग है। आज का यह महोत्सव भी योग के महत्व को समझने और योग को जीवन में आत्मसात करने का है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में हरियाणा को मॉडल राज्य बनाना लक्ष्य
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार योग को लगातार महत्व दे रही है। हमारा ध्येय है कि हरियाणा न केवल औद्योगिक और कृषि विकास में अग्रणी हो, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी एक मॉडल राज्य बने। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में योग हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इस दिशा में प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी योग सिखाया जा रहा है। हमने पहली से 10वीं कक्षा तक योग शिक्षा को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया है। हरियाणा एकमात्र राज्य हैं जहाँ योग को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया हैं।
राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, गांव देवरखाना जिला झज्जर में पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना की गई है। इसमें ओ.पी.डी. की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए 1121 जगहों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 714 व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इन व्यायामशालाओं में 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है।
25 हजार कर्मियों को योग शिक्षक बनाया
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य में सभी आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। अब तक 506 आयुर्वेदिक औषधालयों व उपस्वास्थ्य केन्द्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अपग्रेड कर दिया गया है। इन आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में 126 योग इंस्ट्रक्टर की नियुक्ति की जा चुकी है। 25 हजार कर्मियों को योग शिक्षक बनाया है। इतना ही नहीं, योग को बढ़ावा देने के लिए 'हरियाणा योग आयोग' का गठन किया गया है। योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है।
related

.webp)
युवा मॉक पार्लियामेंट में सीएम सैनी ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथों, राहुल गांधी पर भी कसे तंज, कहा - कांग्रेस को विपक्ष की गरिमा की भी कोई चिंता नहीं

पहली बार सेवानिवृत्त गैर-आईएएस अधिकारी को राज्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया, कौन हैं नए चुनाव आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण
.webp)
मंत्री अरविन्द शर्मा बोले - प्रदेश में बदमाशों के लिए कोई जगह नहीं, सीएम पहले ही कह चुके बदमाश हरियाणा छोड़ दें..नहीं तो..!!
Latest stories

कलयुगी बेटे ने माँ और भाई पर बरसाई ईंट, माँ की मौत, पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार, हुआ बड़ा खुलासा
.webp)
कन्हैया हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित परिवार, डीएसपी बोले- दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

सीएम ने कहा 'आपातकाल' के काले दौर का महिलाओं को ने डटकर किया सामना, गुरुग्राम में मॉक पार्लियामेंट में संबोधित कर रहे थे सीएम