हरियाणा के यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र के असगरपुर गांव में शुक्रवार देर शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और दो शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि एनकाउंटर उस समय हुआ, जब पुलिस की एक विशेष टीम गुप्त सूचना के आधार पर इन दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए पहुंची थी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को यह सूचना मिली थी कि दो वांछित अपराधी असगरपुर गांव के पास से आ रहें हैं, तभी इस इनपुट के आधार पर ही पुलिस तत्परता दिखाते हुए गांव के आस-पास घेराबंदी कर दी, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों बदमाशों की टांगो में गोली मारी
वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों की टांगो में गोली मारी, जिससे वे घायल हो गए। वहीं घायल बदमाशों को तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए जगाधरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान विकास अली उर्फ ज्वाला पुत्र असगर अली निवासी गांव सरावां, थाना साढ़ौरा और दीपक पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी गांव कनिपला, थाना सढौरा के रूप में हुई है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया
वहीं पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक बाइक व हथियार भी बरामद किए हैं, बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला करने में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया था। इस एनकाउंटर के बाद असगरपुर गांव में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों में इतनी दहशत फ़ैल गई कि घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि गांव किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो।
पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले को लेकर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है, वहीं यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन बदमाशों का नेटवर्क कितना बड़ा है और इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं। बदमाशों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल का कहना है कि पुलिस के पास गुप्त सूचना थी, जिस आधार पर नाकाबंदी करके बदमाशों को घेरा गया। उन्होंने फायरिंग की, जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी है। दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी गैंगस्टर के कहने पर कोई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।