हरियाणा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आरंभ किए गए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। यह विशेष अभियान आगामी 25 नवंबर, 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना, कूड़ा-करकट प्रबंधन को सुदृढ़ करना, प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत सरकारी, निजी कार्यालयों, पर्यटन व धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की जाएगी।
खुले क्षेत्रों और खाली भूखंडों को साफ किया जाएगा
साथ ही, सड़कों, ड्रेनों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव, चौकों का सौंदर्यीकरण और सड़कों पर उपयुक्त साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, शत प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने के साथ-साथ सी एंड डी अपशिष्ट डंपिंग पॉइंट, खुले क्षेत्रों और खाली भूखंडों को साफ किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज और स्कूल के छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्यों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सफाई मित्र वॉकथॉन का आयोजन भी किया जाएगा
ग्रीन एवं स्वच्छ हरियाणा के तहत कॉलोनियों, बाजारों, स्कूलों, पार्कों और सड़कों के किनारे वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा और पार्कों में कूड़ेदानों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पार्कों में गंदगी न फैले। ओपन जिम की मरम्मत व रख-रखाव सुनिश्चित किया जाएगा। सफाई मित्र वॉकथॉन का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहरों में विशेष तौर पर प्लास्टिक बैन के बारे जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। विशेष पहल करते हुए बाजारों/मंडियों में विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक प्लास्टिक कचरा जमा करेंगे और उसके बदले उन्हें कपड़े के थैले और पौधे वितरित किए जाएंगे। साथ ही, स्वच्छता संबंधी आदतों और पर्यावरण संरक्षण विषयों पर मॉल या बाजारों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सामुदायिक शौचालयों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी
प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 के तहत शहरों को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के लिए बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला/नंदीशाला में स्थानांतरित किया जाएगा। सामुदायिक शौचालयों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर नगर निकाय विशेष अभियान चलाकर जनभागीदारी के साथ सड़कों, बाजारों और पार्कों की साफ-सफाई करवाई जाएगी। इसका उद्देश्य स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देकर न केवल त्योहारों की रौनक को बढ़ाना है, बल्कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करना है। प्रवक्ता ने बताया कि स्वच्छता हर नागरिक का कर्तव्य है, इसलिए प्रदेशवासी हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।