पूर्व डिप्टी पीएम देवीलाल की 112वीं जयंती पर गुरुवार को इनेलो ने सम्मान दिवस समारोह आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया। रोहतक में आयोजित इस रैली को ‘रैला’ नाम दिया गया। इसमें हरियाणा के साथ-साथ जम्मू, पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना के अलावा लंदन और आसपास के राज्यों से भी कार्यकर्ता व नेता पहुंचे। कार्यक्रम में विशेष तौर पर पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल, कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे प्रोफेसर संपत सिंह और अभय चौटाला पर सबकी नजर रही। इनके अलावा, मंच पर अर्जुन चौटाला, कांता चौटाला, विधायक आदित्य चौटाला भी मौजूद रहे।
अभय चौटाला ने इनेलो सरकार बनने पर 3 काम पहली कलम से करने की बात कही
तेलंगाना से पूर्व सांसद कविता, लंदन से काउंसलर रोहित अहलावत, जम्मू के डिप्टी सीएम सुरेंद्र भी कार्यक्रम में पहुंचे। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस कभी गरीबों, किसानों की सेवा नहीं कर सकतीं। वे सिर्फ राज करती हैं इसलिए हरियाणा की जनता प्रदेश में इनेलो की सरकार बनाए। पूर्व मंत्री संपत सिंह ने कहा कि मुझे राजनीति में देवीलाल ही लाए थे। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला ने रोहतक में ये आयोजन कर बड़ा साहस दिखाया है। अपने संबोधन के दौरान अभय चौटाला ने बीजेपी, कांग्रेस के अलावा अपने भाई की पार्टी जेजेपी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जजपा का नाम तक लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने इनेलो सरकार बनने पर 3 काम पहली कलम से करने की बात कही।
चौधरी देवीलाल ने बिना भेदभाव सभी वर्गों को लाभान्वित करने के लिए कार्य किए : डॉ. अजय सिंह चौटाला
वहीं जननायक चौधरी देवीलाल की 112वीं जयंती को जननायक जनता पार्टी ने प्रदेशभर में मनाया। जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल एक व्यक्ति न होकर बल्कि सामाजिक संस्था थे, जिससे जीवन के मूल्य और आदर्श सीखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने बिना भेदभाव सभी वर्गों को लाभान्वित करने के लिए कार्य किए और इनमें सबसे प्रमुख बुजुर्गों के लिए सामाजिक सम्मान पेंशन लागू कर देश में एक नई पहल की, जिसे आज देश के अनेक राज्य अपना रहे है। अजय चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने ताउम्र जनकल्याण की सोच रखी और जननायक जनता पार्टी उनके आदर्शों व सिद्धांतों के अनुरूप जनकल्याण के कार्यों में जुटी हुई है।
चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथियों को भी प्रदेशभर में सम्मानित किया गया : डॉ. अजय सिंह चौटाला
उन्होंने कहा कि चौ देवीलाल जयंती पर जेजेपी की ओर से प्रदेशभर में 112 सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और उन्हें नमन करते हुए याद किया गया। साथ ही जेजेपी द्वारा चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथियों को भी प्रदेशभर में सम्मानित किया गया। दिल्ली स्थित संसद भवन में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व अन्य जेजेपी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चौ देवीलाल ने भारत की प्रगति के लिए अनेक जनहितैषी बदलाव किए और देश को नई दिशा दी।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश