loader
The Haryana Story | केंद्र की योजनाओं को लागू करने में हरियाणा नंबर वन : अब नए 3 आपराधिक कानूनों को पूर्णत: लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना हरियाणा

केंद्र की योजनाओं को लागू करने में हरियाणा नंबर वन : अब नए 3 आपराधिक कानूनों को पूर्णत: लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना हरियाणा

3 नए कानूनों के सकारात्मक परिणामों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला क्षेत्र में किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र की योजनाओं को सबसे पहले लागू करने के लिए हरियाणा ने हमेशा ही अग्रणीय भूमिका निभाई है। इसी कड़ी में अब नए 3 आपराधिक कानूनों को पूर्णत: लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है। इन 3 नए कानूनों के सकारात्मक परिणामों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला क्षेत्र में किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला क्षेत्र में 3 अक्टूबर के कार्यक्रमों को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।

इस प्रदर्शनी को 10 भागों में विभाजित किया गया

उन्होंने उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को निर्देश दिए कि 3 अक्टूबर की प्रदर्शनी को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। इस प्रदर्शनी में लगने वाले स्टॉल का सारा कार्य जल्द पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नए कानूनों से हुए परिवर्तन और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें 7 अलग-अलग विभागों की भूमिका को भी दर्शाया जाएगा। इस प्रदर्शनी को 10 भागों में विभाजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में सूचना मिलने संबंधी प्रक्रिया होगी, सीन ऑफ क्राइम में घटना का परीक्षण दर्शाया जाएगा। इसी तरह अस्पताल में पोस्टमार्टम व इमरजेंसी की स्थिति दिखाई जाएगी, सीएफएसएल में रिपोर्ट तैयार की प्रक्रिया समझाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस स्टेशन में काम करने का तरीका बताया जाएगा, लीगल एड के तहत आरोप-पत्र तैयार करने के नियम होंगे। इसी तरह जेल से दया याचिका तथा कोर्ट में न्यायिक फैसला होगा। इसके बाद पॉलिसी स्कीम और अंत में नए न्याय संहिता कानूनी जस्टिस की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में वास्तविक जीवन के उदाहरणों को भी प्रदर्शित किया जाना चाहिए

उन्होंने कहा कि नए कानूनों पर व्याख्यान और पैनल चर्चा का आयोजन किया जाए जिसमें कानूनी विशेषज्ञों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदर्शनी में वास्तविक जीवन के उदाहरणों को भी प्रदर्शित किया जाना चाहिए जहां इन कानूनों के लागू होने के बाद जघन्य अपराधों का अति शीघ्र समाधान किया गया हो।

इससे लोगों को इन सुधारों के सकारात्मक प्रभाव को देखने में मदद मिलेगी। इस प्रदर्शनी का प्राथमिक उद्देश्य भारतीय न्याय संहिता, 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 के माध्यम से भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों के बारे में नागरिकों को जागरूक और शिक्षित करना है। इस मौके पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हरमेल सिंह टोहड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के जिला पटियाला के गांव टोहड़ा पहुंचे जहां उन्होंने पंजाब भाजपा के प्रदेश सचिव कंवरवीर सिंह टोहड़ा के पिता एवं पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरमेल सिंह टोहड़ा के निधन पर शोक प्रकट किया। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी साथ रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव टोहड़ा में पहुंचकर दिवंगत नेता के दोनों पुत्रों सहित परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने अरदास करते हुए कहा कि वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व उनके प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 

महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करना दुर्भाग्यपूर्ण

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लंदन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी भारत के ऐसे आइकॉन हैं जिन्होंने अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलते हुए अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर विवश किया। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पंजाब भाजपा के सचिव कंवरवीर सिंह टोहड़ा, उनके भाई हरेंद्र पाल सिंह, उनकी माता कुलदीप कौर टोहड़ा, बहन डा. जसप्रीत कौर सहित अन्य भी मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×