केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिन (31 अक्तूबर) के उपलक्ष्य में दो महीने तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25, 26 और 27 अक्तूबर को पूरे हरियाणा में पदयात्राएं आयोजित होंगी, जिनमें हजारों नागरिक और युवा 8 से 10 किलोमीटर तक की दूरी तय कर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। वहीं, 31 अक्तूबर को “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सेमिनार, प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं और साहित्य वितरण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 31 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक सेमिनार, प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं और साहित्य वितरण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को इन आयोजनों में जोड़ने के लिए माई भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कई जनकल्याणकारी अभियान चलाए हैं — जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान और वोकल फॉर लोकल — जिनके सकारात्मक परिणाम आज देशभर में दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय है कि हम राष्ट्रीय एकता और समरसता के लिए एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ें। त्योहारों की दी शुभकामनाएं केंद्रीय मंत्री ने देश और प्रदेशवासियों को धनतेरस, छोटी दीपावली, बड़ी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व देश की संस्कृति, सद्भावना और एकता का प्रतीक हैं।
हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष —जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी”
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह जनता के अटूट विश्वास और समर्थन का परिणाम है कि भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले एक वर्ष में अनेक जनहितकारी फैसले लिए हैं — बुजुर्गों की पेंशन में ₹200 की बढ़ोतरी और लाडो लक्ष्मी योजना के तहत नवंबर से महिलाओं के खातों में ₹2100 की डीबीटी राशि ट्रांसफर होने जा रही है। मनोहर लाल ने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है। हरियाणा में विकास की गति तेज है और जनता का भरोसा अटूट है। आने वाले चार वर्षों में राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए योजनाओं को गति दी जाएगी।
भ्रष्टाचार पर बोले मनोहर लाल —न करेंगे, न करने देंगे
मनोहर लाल ने हाल ही में हुई दो पुलिस अधिकारियों की आत्महत्याओं, भ्रष्टाचार और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “दोनों अफसरों की आत्महत्या दुखद घटनाएं हैं, लेकिन इन पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने समाज में एक नई जागरूकता पैदा की है। लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और यह एक सकारात्मक संकेत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हमारी नीति स्पष्ट है — न हम भ्रष्टाचार करेंगे और न करने देंगे। हरियाणा सरकार ने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ प्रशासन चलाने का संकल्प लिया है।" उन्होंने बताया कि प्रदेश और केंद्र की एजेंसियां लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। हाल ही में पंजाब के एक आईपीएस अधिकारी के घर से करोड़ों रुपये मिलने का मामला इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “अब ऐसे मामले छिपाए नहीं जाते, बल्कि जनता के सामने लाए जाते हैं।”
जी-20 सम्मेलन में ऊर्जा क्षेत्र पर भारत की उपलब्धि का प्रदर्शन
डबरन में हुए जी-20 सम्मेलन पर बोलते हुए मनोहर लाल ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य फोकस ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य” पर था। उन्होंने कहा कि भारत आज 50% से अधिक स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) का उत्पादन कर रहा है, जिसमें सौर और पवन ऊर्जा की भूमिका अहम है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में भारत ने कार्बन उत्सर्जन घटाने के लक्ष्य को तय समय से पाँच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया है। देश अब नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की ऊर्जा कंपनियां अब सिंगापुर, दुबई, यूएई और साउथ अफ्रीका जैसे देशों में भी काम कर रही हैं। “हम सागर के नीचे बिजली ट्रांसफर के लिए केबल बिछा रहे हैं — यह भविष्य की ऊर्जा क्रांति है।
विपक्ष पर पलटवार — “भाजपा में है अलग संस्कार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘डमी सीएम’ कहने वाले विपक्षी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ऐसे बयान सिर्फ सुर्खियों के लिए दिए जाते हैं, इनमें कोई तथ्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा में टीमवर्क और अनुशासन सर्वोपरि है। पहली बार हरियाणा में एक ही पार्टी की सरकार लगातार तीन बार बनी है — यह हमारी एकजुटता और जनता के भरोसे का प्रतीक है।
जनता देगी जवाब — आरजेडी पर साधा निशाना
आरजेडी द्वारा शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिए जाने पर खट्टर ने कहा कि जनता सब जानती है और चुनाव में ऐसे निर्णयों का जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता है, जो सही और गलत का निर्णय हमेशा निष्पक्ष रूप से करती है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई गणमान्य इस अवसर पर हरियाणा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट वेदपाल, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, इंद्री विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, असंध विधायक योगेंद्र राणा, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, मेयर रेनू बाला गुप्ता, केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधि कविंद्र राणा, अशोक भंडारी, राजबीर शर्मा, त्रिलोचन सिंह, मानव पुरी, सुभाष कश्यप, डॉ. अशोक कुमार, मदन गुर्जर, प्रमोद नागपाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश