जिले में झिलमिल ढाबे के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहिता की जान चली गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। दोनों डिनर के लिए बाइक से निकले थे, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय गीतू, निवासी आनंद विहार कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई है। उसका मायका गांव जुंडला में है। गीतू की शादी इस साल 14 अप्रैल 2025 को अभिमन्यु नामक युवक से हुई थी, जो हाल ही में रोमानिया से लौटा था।
पीछे से आ रही सफेद रंग की सेवन सीटर गाड़ी ने ओवरटेक करने की कोशिश की
दिवाली की छुट्टियों पर घर आए अभिमन्यु ने मंगलवार की रात पत्नी को डिनर पर ले जाने का कार्यक्रम बनाया था। दंपती रात करीब साढ़े 11 बजे झिलमिल ढाबे की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ढाबे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही सफेद रंग की सेवन सीटर गाड़ी ने ओवरटेक करने की कोशिश की और बाइक को साइड से टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तभी आगे चल रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और पीछे से आ रही बाइक तेज रफ्तार में कार से जा टकराई।
किस्मत ने इतनी जल्दी हमें बड़ा सदमा दे दिया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतू को मृत घोषित कर दिया। अभिमन्यु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे की खबर मिलते ही गीतू के मायके और ससुराल दोनों ओर मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि दोनों की शादी को सिर्फ छह महीने हुए थे और वे बेहद खुशहाल जीवन जी रहे थे। विदेश में काम करने वाला अभिमन्यु कुछ दिन पहले ही पत्नी से मिलने भारत आया था। परिवार ने कहा, “किस्मत ने इतनी जल्दी हमें बड़ा सदमा दे दिया।”
पुलिस लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी हाउस करनाल भेजा गया। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि गाड़ी का नंबर और चालक की पहचान की जा सके।
अभिमन्यु ने विदेश से लौटकर पत्नी को सरप्राइज दिया था
परिजन कहते हैं कि गीतू और अभिमन्यु की जोड़ी सभी के लिए मिसाल थी। अभिमन्यु ने विदेश से लौटकर पत्नी को सरप्राइज दिया था और उसी खुशी में दोनों डिनर के लिए निकले थे। लेकिन चंद सेकंड में खुशियों की जगह मातम ने ले ली। अब परिवार को बस न्याय की उम्मीद है कि जल्द हादसे के दोषी तक पुलिस पहुंचे।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?