loader
The Haryana Story | गुरुग्राम प्रदेश का सबसे विकसित शहर, सीएम बोले - नागरिक सुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर की 'ढिलाई या कोताही' को स्वीकार नहीं

गुरुग्राम प्रदेश का सबसे विकसित शहर, सीएम बोले - नागरिक सुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर की 'ढिलाई या कोताही' को स्वीकार नहीं

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में पानी, सीवर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की वर्तमान स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम प्रदेश का सबसे तेजी से विकसित होता शहर है, इसलिए यहां नागरिक सुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर की ढिलाई या कोताही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में पानी, सीवर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की वर्तमान स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गुरुग्राम में बसने वाला हर नागरिक तय समयावधि में उच्च स्तरीय मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त करे। मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पटौदी विधायकमती बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में कुल 17 परिवाद रखे गए, जिनमें से मुख्यमंत्री ने 15 का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि 2 मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। 

लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री ने शहर में टैंकर माफिया पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान शहर में सक्रिय टैंकर माफिया पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे आधुनिक शहर में अवैध रूप से पानी की सप्लाई करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी रूप से जल आपूर्ति या शोधन का कार्य करता पाया जाता है तो संबंधित विभाग तुरंत नियमानुसार कार्रवाई करे। साथ ही, उन्होंने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्र के एसएचओ द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति में कोई बाधा न हो। 

बिल्डर तय एग्रीमेंट के तहत रेजिडेंट्स को उपलब्ध कराए मूलभूत सुविधाएं, अन्यथा होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिल्डर्स से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बिल्डर अपने प्रोजेक्ट से जुड़े निवासियों को एग्रीमेंट में तय की गई मूलभूत सुविधाएंजै से पानी, बिजली, सीवर, सड़क और सुरक्षा व्यवस्था-समय पर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि यदि कोई बिल्डर ऐसा करने में लापरवाही बरतता है या नागरिकों के साथ अनुबंध के विपरीत व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इंतकाल को ऑनलाइन न करने पर नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच के निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पटौदी के लोकरा गांव से आए एक शिकायतकर्ता की बात पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसका इंतकाल लंबे समय से ऑनलाइन दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ होना चाहिए और किसी भी अधिकारी द्वारा लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। 

गांव बहोड़ा कला में तीन साल से अधूरे पड़े सीवर कार्य पर मुख्यमंत्री ने दिखाई सख्ती

बैठक में गांव बहोड़ा कला के सरपंच मनवीर सिंह ने अवगत कराया कि गांव में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पिछले तीन वर्षों से जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस दौरान विभाग ने पूरे मार्ग की खुदाई कर दी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों से अनुमति और एनओसी जारी होने में देरी के कारण कार्य अधूरा रह गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में देरी अस्वीकार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस अधिकारी की लापरवाही से फाइल पेंडिंग रही है, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और उसका इंक्रीमेंट रोका जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने दायित्वों से विमुख न हो। इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जीएमडीए के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, मंडलायुक्त आर.सी बिढान, डीसी अजय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी विवेक कालिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

गुरुग्राम को जाम मुक्त और सुगम यातायात वाला शहर बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम को जाम मुक्त और सुगम यातायात वाला शहर बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता में है और इसके लिए योजनाबद्ध ढंग से कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की 15वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, जिसमें शहर के विभिन्न विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की गई।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह तथा मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर वीसी के माध्यम से जुड़े। वहीं बैठक स्थल पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर,जीएमडीए के प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी, नगर एवं ग्राम नियोजन और शहरी संपदा विभाग के एसीएस ए.के सिंह, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव श्यामल मिश्रा मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×