हरियाणा के जींद जिले के नरवाना स्थित अपोलो चौक पर रविवार को जैन रेडीमेड की दुकान के मालिक नरेश जैन को पर्ची थमा फायरिंग कर 50 लाख रुपये की चौथ के मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए व्यापारी नरेश जैन के घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं सोमवार को कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला व्यापारी नरेश जैन से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। घटना वाले दिन मंत्री कृष्ण बेदी भी नरेश जैन से मिलने पहुंचे थे। वहीं सांसद कुमारी सैलजा ने भी एसपी से भी इस मामले में बातचीत की। इस घटना से पूरी मार्केट में दहशत का माहौल है। वहीं मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की पांच टीमें आरोपित बदमाश की धरपकड़ के लिए उसके संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। डीएसपी नरवाना ने भी व्यापारी नरेश जैन से बातचीत की।
जानें क्या है मामला
नरवाना में रविवार को जैन गारमेंट्स मालिक से बाइक सवार ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पर्ची फैंक कर जान से मारने की धमकी दी। बदमाश द्वारा लिखी गई पर्ची में लिखा था कि तीन दिन में 50 लाख नहीं दिए तो छाती में गोली मार देंगे। जाते समय बदमाश दुकान पर गोली भी चला गया। जिसके बाद दुकान का शीशा टूट गया ग्राहक व व्यापारी बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर मंत्री कृष्ण बेदी तथा नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच में सामने आया है कि कपड़ा कारोबारी जैन गारमेंटस दुकान मालिक नरेश जैन से बदमाश अनूप बेलरखां, छोटी छापडिया द्वारा ने जान से मारने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की चौथ मांगी है।
हिसार में भी बदमाश अनूप बेलरखां द्वारा वारदात की गई थी
बदमाशों द्वारा बाकायदा दुकानदार को पर्ची दी गई और फिर दुकान पर फायर भी किया गया। दुकान पर गोली चलने फोरेंसिक टीम पहुंची थी और उनके द्वारा साक्ष्यों को जुटाया गया था। डीएसपी कमलदीप राणा ने पीड़ित कारोबारी से मिल कर आश्वासन दिया। डीएसपी कमलदीप राणा डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि बदमाशों की धड़पकड़ के लिए शहर थाना नरवाना, सीआईए नरवाना, सीआईए 1 जींद, हिसार एसटीएफ सहित पांच टीमें गठित की गई हैं। हिसार एसटीएफ की टीम इसलिए भी शामिल की गई है। क्योंकि हिसार में भी बदमाश अनूप बेलरखां द्वारा वारदात की गई थी। उन्होंने कहा कि कारोबारी नरेश जैन को सुरक्षा मुहैया करवा दी गई है। पुलिस द्वारा भी गश्त की जा रही है।
अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की नजर से बच नहीं सकता
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित के बेटे द्वारा डायल 112 पर कॉल करने बारे में जांच की गई है। डायल 112 पर कई बार कालिंग की जाती है तो फोन नहीं मिलता है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस नजदीक पहुंच गई है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कारोबारी बेखौफ होकर अपना कारोबार करते रहें। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की नजर से बच नहीं सकता। उन्होंने जनता से अपील की कि मामले में कोई अफवाह न फैलाएं और कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पीड़ित नरेश जैन ने बताया कि पुलिस द्वारा उनको सुरक्षा मुहैया करवाई गई है। शहर के लोग उनके साथ खड़े हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है।