loader
The Haryana Story | हरियाणा विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ कुछ ऐसा, हुड्डा बोले - राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं

हरियाणा विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ कुछ ऐसा, हुड्डा बोले - राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं

सदन के नेता के रूप में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक नई परंपरा की शुरूआत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने जाने पर बधाई दी एवं अभिनंदन किया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन के नेता के रूप में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक नई परंपरा की शुरूआत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने जाने पर बधाई दी एवं अभिनंदन किया, जो हरियाणा विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ है कि विपक्ष के नेता चुने जाने पर सदन के नेता द्वारा नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया गया हो। मुख्यमंत्री की इस पहल का भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी स्वागत किया और कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। लोकहित में मनभेद नहीं होने चाहिएं। विपक्ष की ओर से हम केवल राजनीतिक मतभेद तक ही अपने आपको सीमित रखेंगे और यही आशा सत्ता पक्ष से भी है, इस तरह हम जनता की बेहतर तरीके से सेवा कर सकेंगे।

विधायी कार्यों की गंभीरता और गहन प्रशासनिक समझ के प्रतीक माने जाते हैं हुड्डा :  नायब सिंह सैनी

नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि 15वीं विधानसभा को विपक्ष के नेता के रूप में भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता मिले हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा की राजनीति का एक ऐसा नाम हैं, जो राजनीतिक अनुभव, विधायी कार्यों की गंभीरता और गहन प्रशासनिक समझ के प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा व संसद तक, हर मंच पर सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी विश्वास के बलबूते वे 4 बार लोकसभा तथा 6 बार विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में 10 वर्षों तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस महान सदन के नेता भी रहे हैं। उनका संसदीय अनुभव, प्रक्रियाओं की गहरी समझ और विषयों पर उनका मजबूत पकड़, सरकार और विपक्ष, दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

विपक्ष का नेता लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता

उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेता लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वह सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाता है। वह सुझाव देता है और जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे अनुभवी नेता का इस पद पर होना निश्चित रूप से इस सदन की कार्यवाही को अधिक सार्थक, गंभीर और रचनात्मक बनाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर नागरिक को पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में रोहतक में भी हर घर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विधायक भारत भूषण बत्रा द्वारा रोहतक शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर जवाब दे रहे थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×