सिरसा साइबर क्राइम पुलिस के खिलाफ राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद हरियाणा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बता दें कि राजस्थान एसीबी ने नाकाबंदी के दौरान सिरसा पुलिस की गाड़ी से 6 लाख रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों पर किसी मामले को रफा-दफा करने या लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत लेने का संदेह है।
पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया
हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, विभाग में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है और इस मामले की गहन विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए आप हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की वेबसाइट पर जा सकते हैं। जानकारी मुताबिक राजस्थान की एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा सिरसा साइबर क्राइम पुलिस की गाड़ी से 6 लाख रुपये बरामद होने के मामले में हरियाणा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
इस मामले में लगभग 9.5 लाख रुपये की रिकवरी होनी थी
सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में जांच अधिकारी पीएसआई सुरेंद्र सिंह, मुख्य सिपाही वीरेंद्र व सिपाही जगजीत सिंह शामिल है। बता दें कि करीब एक सप्ताह पहले सिरसा में एक व्यक्ति के खाते से ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज हुआ था। ठगी के आरोपी राजस्थान के उदयपुर व राजसमंद क्षेत्र के रहने वाले थे। इस मामले में लगभग 9.5 लाख रुपये की रिकवरी होनी थी। गत दिवस सिरसा साइबर थाने की टीम ने इन आरोपियों को पकड़ने के लिए राजस्थान जाकर कार्रवाई की। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें सिरसा वापस ला रही थी।
गाड़ी से 6 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई
इसी दौरान अजमेर के कुचामन सिटी थाना क्षेत्र के त्रिशिंगिया में राजस्थान एसीबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिरसा पुलिस की गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से 6 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। राजस्थान एसीबी एसपी महावीर सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी राशि के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसलिए रकम को संदिग्ध मानकर जब्त कर लिया गया।
एसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए
आरोपी पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे सोमवार सुबह कोर्ट में आरोपियों को पेश करने जा रहे थे और राशि का कोई गलत इस्तेमाल नहीं किया गया था। हालांकि, राजस्थान पुलिस ने इसकी रिपोर्ट हरियाणा पुलिस मुख्यालय को भेज दी। मामला सिरसा एसपी दीपक सहारन के संज्ञान में आने पर उन्होंने तुरंत तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं। वहीं, डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने साइबर थाना प्रभारी को बुलाकर मामले की जानकारी ली है।