पानीपत शहर के न्यू बसंत नगर में रहने वाले एक व्यक्ति पेशे से डॉक्टर (बीएएमएस) ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। वहीं पर उसने मरने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान डॉ. सौरभ जैन निवासी न्यू बसंत नगर के रूप में हुई है। बीएएमएस डॉक्टर ने मरने से पहले सुसाइड नोट की फोटो अपने भाई को भेजी जिसमें आत्महत्या के कारणों को बताया है।
मेरे भाई, इनसे पूरा बदला लेना...
वहीं सुसाइड नोट के आखिरी में लिखा है कि मेरी सरकार से यही अपील है कि इन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मेरे भाई, इनसे पूरा बदला लेना। मुझे इंसाफ दिलवाना। आपका भाई सौरभ जैन। वहीं पर परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि डॉक्टर सौरभ और उसकी पत्नी के बीच पिछले 3 साल से अनबन चल रही थी और मायके में रह रही थी। आरोप है कि प्रॉपर्टी अपने नाम करवाने का दबाव बना रही थी। वहीं पर बच्चे से मिलने के लिए नहीं दिया गया जिससे वह डिप्रेशन में थे। मृतक के भाई गौरव ने बताया कि सौरभ की शादी 2017 में गन्नौर जिला सोनीपत के बुद्ध विहार कॉलोनी की रहने वाली डिंपल के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक था। फिर उनके एक बेटा पैदा हुआ और ससुराल वालों ने खर्चा मांगना शुरू कर दिया।
पत्नी ने कहा : मायके वालों को पैसे नहीं देगा तो वह उसके साथ नहीं रहेगी
उसकी पत्नी ने कहा कि अगर वह उसके मायके वालों को पैसे नहीं देगा तो वह उसके साथ नहीं रहेगी। इसी बीच करीब 3 साल पहले वह अपने मायका चली गई थी। बेटे से भी बात नहीं करने दी और उससे प्रॉपर्टी और नगदी की डिमांड की। सौरभ ने वीरवार को सुबह साढ़े चार बजे सुसाइड नोट भाई को भेजा था जिससे मां और भाई घर पहुंचे और उसे वहां से अचेत अवस्था में एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उससे मृत घोषित कर दिया।
इस बारे में पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट और मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी कार्रवाई जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस व एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। सुसाइड नोट के आधार पर चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।