loader
The Haryana Story | मंत्री अनिल विज ने सुनी आमजन की समस्याएं, कुछ शिकायतों पर बोले- 'मैं यहां गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा'

मंत्री अनिल विज ने सुनी आमजन की समस्याएं, कुछ शिकायतों पर बोले- 'मैं यहां गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा'

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना व कार्रवाई के निर्देश दिए

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी  के महेशनगर में व्यक्ति की दुकान पर आग लगाने व उसे मारने की धमकी देने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने महेशनगर थाना पुलिस को मामले में केस दर्ज करने के निर्देश देते हुए कहा कि “पीड़ित जब आरोपियों के नाम बता रही है तो मामले में क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही, मैं यहां पर गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा। विज शुक्रवार को अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे।

दुकान को खाली करने की धमकी, लगाई आग 

ऊर्जा मंत्री के समक्ष महेश नगर निवासी महिला ने शिकायत देते हुए बताया कि उनकी महेश नगर में प्रिंटिंग प्रेस की दुकान है, दुकान को उन्होंने कुछ ही दिनों में खाली करनी थी, मगर इसी बीच कुछ लोगों ने उसके पति को धमकाया जिसके बाद दुकान पर आग लगा दी। महिला की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार, चंद्रपुरी निवासी महिला ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए कहा कि उसकी दो बच्चियां है, उसका पति उसके साथ लगातार मारपीट करता है और घर से निकालने की धमकियां देता है। मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद पड़ाव थाना प्रभारी को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। 

सेना में अनुबंध पर कार्यरत लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों ने शिकायत 

वहीं, सेना में अनुबंध पर कार्यरत लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों ने अपनी शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज को देते हुए कहा कि वह बीते लगभग 15 वर्षों से अनुबंध पर स्टेशन हेडक्वार्टर पर विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि सेना द्वारा अब कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इस मामले में मंत्री अनिल विज को शिकायत दी जिस पर मंत्री अनिल विज ने सैन्य अधिकारियों से मामले में बात करने का आश्वासन दिया। 

प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी

अम्बाला छावनी एकता विहार निवासी व्यक्ति ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उसने अम्बाला शहर जग्गी कालोनी फेस-3 में कुछ वर्ष पहले प्लाट लिया था। अब वह प्लाट पर निर्माण करने लगे तो कुछ लोगों ने उन्हें धमकियां देते हुए मारने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उनके पास जमीन से संबंधित पूरे कागजात है तथा उन्हें प्लाट पर निर्माण करने नहीं दिया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले में महेश नगर थाना एसएचओ को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। 

संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश 

इसी प्रकार, मंत्री अनिल विज के समक्ष डिफेंस कालोनी में काम करने वाली महिला ने फर्म मालिक द्वारा उसे डेढ़ माह का वेतन नहीं देने की शिकायत दी जिसपर मंत्री अनिल विज ने श्रम विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए, बब्याल निवासी व्यक्ति ने रामगढ़ माजरा में अपनी जमीन की पैमाइश नहीं होने, हरि नगर निवासी व्यक्ति ने घर में टॉवर लगाने पर कुछ लोगों द्वारा इसका विरोध करने के अलावा अन्य शिकायतें आई जिनपर मंत्री अनिल विज ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गीता गोपाल सत्संग भवन में टेका मत्था  

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में आज दोपहर गीता गोपाल सत्संग भवन में भगवान श्री कृष्ण के पावन श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की 24वीं वर्षगांठ पर भगवान के समक्ष माथा टेका तथा लोक-कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दी। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इसके उपरांत श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद भी श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

इससे पहले मंत्री अनिल विज के यहां पहुंचने पर गीता गोपाल सत्संग भवन के पदाधिकारी राकेश मोहन, श्याम सुंदर, राजेश काकरान, पार्षद शिवा काकरान, योगराज शर्मा सहित अन्य ने उनका स्वागत किया। मंत्री अनिल विज ने श्रद्धालुओं को इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए संस्था द्वारा समाज सेवा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने सत्संग भवन में संस्थापक राकेश मोहन उर्फ लक्की भैय्या जी से भी मुलाकात की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×