loader
The Haryana Story | अरावली पर SC के फैसले का कांग्रेस ने किया स्वागत, मनरेगा के नाम बदलने के खिलाफ 5 जनवरी से देशव्यापी आंदोलन

अरावली पर SC के फैसले का कांग्रेस ने किया स्वागत, मनरेगा के नाम बदलने के खिलाफ 5 जनवरी से देशव्यापी आंदोलन

करनाल पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरकार पर साधा निशाना, कहा—अरावली जीवन रेखा, गरीबों के अधिकारों से समझौता नहीं

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अरावली पर्वतमाला को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले से न केवल पर्यावरण की रक्षा होगी, बल्कि आम जनजीवन, पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं को भी राहत मिलेगी। करनाल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अरावली केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कई राज्यों में फैली हुई एक प्राकृतिक जीवनरेखा है। यह पर्वतमाला गर्मी-सर्दी से बचाव करती है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में अरावली पर विशेष ध्यान देना वर्तमान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व में जारी आदेशों पर रोक लगाना एक सकारात्मक कदम 

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व में जारी आदेशों पर रोक लगाना एक सकारात्मक कदम है, जिसका कांग्रेस पार्टी स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि अरावली क्षेत्र में हो रही गतिविधियों से मानव के साथ-साथ पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे थे, ऐसे में यह फैसला समय की मांग था। मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह योजना गरीबों की आजीविका से जुड़ी हुई है, लेकिन मौजूदा सरकार इसे नाम बदलकर या नए सिस्टम के माध्यम से खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार की देन है और इसका उद्देश्य गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग को रोजगार देना था। राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस पार्टी 5 जनवरी से पूरे देश में मनरेगा को लेकर जन-आंदोलन और जनजागरण अभियान शुरू करेगी।

कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर संघर्ष करेगी

उन्होंने किसानों के काले कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे पहले सरकार ने वे कानून बनाए और बाद में जनता के दबाव में उन्हें वापस लेना पड़ा, उसी तरह मनरेगा से जुड़े गलत फैसलों को भी रद्द कराना होगा। कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर संघर्ष करेगी। कुलदीप सेंगर से जुड़े मामलों पर हो रहे प्रदर्शनों को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब और पीड़ित की आवाज बनकर खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि न्यायालय को इस दिशा में विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि किसी भी गरीब या कमजोर व्यक्ति को पूरा न्याय मिल सके।

लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हक 

हिसार में नर्सिंग छात्रों को जबरन धरने से उठाने के मामले पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हक है। इस तरह की कार्रवाई तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है और पूरी तरह गलत है। कांग्रेस पार्टी हर वर्ग के साथ खड़ी है और छात्रों के हक की लड़ाई जारी रहेगी। धान घोटाले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया है और आगे भी किसानों व गरीबों के हित में सरकार से सवाल पूछती रहेगी। वहीं अभय चौटाला द्वारा भाजपा सरकार को कांग्रेस की देन बताए जाने के बयान पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेता अपनी राजनीति के अनुसार बयान देते रहेंगे, लेकिन कांग्रेस का उद्देश्य स्पष्ट है-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना और जनता के हितों की रक्षा करना।

Join The Conversation Opens in a new tab
×