loader
The Haryana Story | इनेलो जिलाध्यक्ष के 'लापता भाई' मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई पर उठाए सवाल, माजरा बोले- सख्त फैसला लेगी पार्टी

इनेलो जिलाध्यक्ष के 'लापता भाई' मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई पर उठाए सवाल, माजरा बोले- सख्त फैसला लेगी पार्टी

चार आरोपी गिरफ्तार पूछताछ जारी, रविवार को पंजाब के डेराबस्सी टोल के पास देखी गई थी जयदीप की गाड़ी

इनेलो जिलाध्यक्ष के लापता भाई जयदीप राठी मामले में सी.आई.ए. वन पुलिस ने चार आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं इस मामले को लेकर इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के गांव गांजबड़ में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर जयदीप राठी सकुशल वापस लाने की मांग तथा पुलिस कार्रवाई ढीली कार्रवाई पर विरोध जताया, जहां इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा भी पहुंचे।गौरतलब है कि जयदीप राठी 27 दिसम्बर देर शाम से लापता है। अगले दिन जयदीप राठी की गाड़ी पंजाब के डेराबस्सी के टोल के पास देखी गई थी। वहां से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

जयदीप राठी व आरोपियों में जमीन मामले को लेकर कोई पुराना विवाद

जयदीप के भाई इनेलो जिला प्रधान कुलदीप राठी ने जयदीप राठी के फार्म हाउस में 9 अक्तूबर की रात को घुसे आरोपियों पर ही इस मामले में शामिल होने के आरोप लगाए थे। इसकी मांग को लेकर गज दिनों लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया था। वहीं कुलदीप राठी ने मुख्यमंत्री, डीजीपी. को शिकायत भेजी थी। जिस पर सीआईए वन पुलिस टीम ने वीरवार दे रात को चार आरोपियों हरेंद्र राठी, उसके भाई रविंद्र उर्फ रवि राठी, सुनील शर्मा व प्रीतम को गिरफ्तार किया था जिन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश करके 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आज शाम तक इस मामले में पुलिस स्थिति स्पष्ट कर सकती है। बताया जा रहा है कि जयदीप राठी व गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जमीन मामले को लेकर कोई पुराना विवाद है। वहीं थाना सदर एस.एच.ओ. को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन में भेज दिया गया है। 

4 जनवरी से पहले पुलिस ने जयदीप को बरामद नहीं किया तो सख्त फैसला लेगी पार्टी : रामपाल माजरा 

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि सात दिन से लापता जयदीप राठी का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई। जयदीप राठी किस हालत में और कहां है, किसी को कुछ पता नहीं है। उन्होंने कहा कि जयदीप राठी के फार्म हाउस में 9 अक्तूबर की रात को बदमाश घुसे थे और पुलिस ने अब तक भी उस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की। यदि पुलिस उस समय केस दर्ज कर कार्रवाई करती तो यह हालात न होते।

पुलिस पर ढिलाई का आरोप

इस दौरान लोगों ने पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए जीटी रोड को जाम करने को कहा लेकिन रामपाल माजरा ने कहा कि 4 जनवरी को इनेलो की फतेहाबाद में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक है और पुलिस ने उससे पहले जयदीप राठी को बरामद नहीं किया तो उस बैठक में सख्त फैसला लिया जाएगा। इस अवसर पर कुलदीप राठी, हेमराज जागलान, ओमप्रकाश शेरा, राजेंद्र जागलान एडवोकेट, कपिल बुद्धिराजा शर्मा सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जल्द सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना : डी.एस.पी.

मौके पर पहुंचे डी.एस.पी. नरेंद्र सिंह ने कहा कि 27 दिसम्बर से जयदीप लापता है, उस मामले में हमें कुछ लीड मिली है। पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है। पुलिस शुरू से ही इस मामले में सही कार्रवाई कर रही है। हम परिवार का दर्द समझ सकते है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक दिन के रिमांड पर लिया है। उम्मीद है कि इस मामले में जल्द परिणाम आऐंगे। परिजनों ने अन्य कई मांगे रखी है। वहीं संबंधित एस.एच.ओ. को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन में भेज दिया गया है।

जयदीप राठी का फाइल फोटो।

Join The Conversation Opens in a new tab
×