loader
The Haryana Story | लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर सैलजा ने उठाए सवाल, भाजपा का पलटवार- 'सैलजा जी' योजना के विस्तार के बारे में ठीक से समझा नहीं

लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर सैलजा ने उठाए सवाल, भाजपा का पलटवार- 'सैलजा जी' योजना के विस्तार के बारे में ठीक से समझा नहीं

सैलजा बोलीं - 80 प्रतिशत अंकों की शर्त लगाना गरीब, मजदूर और ग्रामीण महिलाओं के साथ अन्याय, लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ सभी बीपीएल परिवारों की महिलाओं को बिना किसी शर्त के मिलना चाहिए

हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर महिलाओं के साथ जो विश्वासघात किया है, वह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई थी, लेकिन आज भाजपा सरकार ने इसे शर्तों और अंकों की बेडिय़ों में जकड़ दिया है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने आज जारी एक बयान में कही। कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार अपने ही संकल्प से मुकर गई है। जिन महिलाओं को बिना भेदभाव आर्थिक सहयोग मिलना चाहिए था, आज उनसे उनके बच्चों के नंबर पूछे जा रहे हैं। क्या अब माँ की योग्यता रिपोर्ट कार्ड से तय होगी।

गरीब, मजदूर और ग्रामीण महिलाओं के साथ सीधा अन्याय

उन्होंने कहा कि 2100 की मामूली सहायता के लिए 80 प्रतिशत अंकों की शर्त लगाना गरीब, मजदूर और ग्रामीण महिलाओं के साथ सीधा अन्याय है। यह नीति महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि महिलाओं को अपमानित करने वाली सोच को दर्शाती है। सरकार यह भूल गई है कि हर माँ के हालात समान नहीं होते। संसाधनों की कमी, सरकारी स्कूलों की स्थिति और सामाजिक परिस्थितियों में पढ़ने वाले बच्चों से ऐसे परिणाम की अपेक्षा करना अमानवीय है।

महिला सम्मान कोई एहसान नहीं, उनका अधिकार है

कुमारी सैलजा ने स्पष्ट कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ सभी बीपीएल परिवारों की महिलाओं को बिना किसी शर्त के मिलना चाहिए, न कि अंकों और नियमों के जाल में फंसाकर उन्हें हक से वंचित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार महिलाओं के साथ इसी प्रकार का व्यवहार करती रही, तो कांग्रेस पार्टी बुलंद आवाज़ में महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ेगी और उन्हें उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। महिला सम्मान कोई एहसान नहीं, उनका अधिकार है और उस अधिकार से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। 

सभी महिलाओं को 2100 रुपए का लाभ दिया जा रहा

वहीं भाजपा ने सैलजा के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि X पर लिखा @Kumari_Selja जी, शायद आपने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के विस्तार के बारे में ठीक से समझा नहीं या फिर समझना नहीं चाहती हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि- अब तक जिन महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है उन्हें मिलता रहेगा। जिस परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम है, उन परिवार की सभी महिलाओं को 2100 रुपए का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा अब इस योजना का लाभ 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी मिलेगा, जिनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं और वे 10वीं व12वीं कक्षा में 80% से अधिक नंबर लेकर आते हैं। 

तथ्यहीन और गुमराह करने वाली जानकारियों को साझा करने से बचें

साथ ही, बच्चों में कुपोषण या एनीमिया को रोकने के लिए भी पहल की गई है। इसके तहत, पोषण ट्रैकर में कोई बच्चा जो कुपोषित या एनीमिया ग्रस्त था, वह पोषित और स्वस्थ होकर ग्रीन जोन में आ जाता है, तो ऐसी माताओं को भी 2100 रुपए का लाभ प्रदान किया जाएगा। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत मिलने वाली यह धनराशि हमारी माताओं-बहनों के लिए सहायक सिद्ध हो रही है। कृपया इस तरह तथ्यहीन और गुमराह करने वाली जानकारियों को साझा करने से बचें और विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के निर्माण में हमारा सहयोग दें।

Join The Conversation Opens in a new tab
×