loader
The Haryana Story | अब हरियाणा का युवा विदेश जाने के लिए न तो डंकी रूट अपनाएगा और न ही काटेगा एजेंटों के चक्कर

अब हरियाणा का युवा विदेश जाने के लिए न तो डंकी रूट अपनाएगा और न ही काटेगा एजेंटों के चक्कर

डंकी रूट से मुक्ति, सरकारी व्यवस्था से विदेश रोजगार: 210 युवाओं को दुबई के लिए ऑफर लेटर : गौरव गौतम

अब हरियाणा का युवा विदेश जाने के लिए न तो डंकी रूट अपनाएगा और न ही एजेंटों के चक्कर काटेगा। राज्य सरकार ने सुरक्षित और कानूनी तरीके से युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने की व्यवस्था की है, जिससे न केवल उनकी जान सुरक्षित रहेगी बल्कि एजेंटों को दिए जाने वाले मोटे पैसे से भी उन्हें राहत मिलेगी। इसी कड़ी में शनिवार को करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के खेल, युवा एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम ने शिरकत की। इस अवसर पर 210 युवाओं को दुबई में रोजगार के लिए ऑफर लेटर वितरित किए गए।

युवाओं को वैश्विक बाजार में कानूनी और स्थायी तरीके से रोजगार दिलाया जा रहा

मीडिया से बातचीत में खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार और विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से युवाओं को वैश्विक बाजार में कानूनी और स्थायी तरीके से रोजगार दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले कई युवा डंकी रूट से विदेश जाते थे, जिससे उनकी जान को खतरा रहता था। इस योजना के तहत अब युवाओं को सुरक्षित तरीके से विदेश भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज चयनित युवाओं को दुबई भेजा जा रहा है, जहां वे सुरक्षित माहौल में काम कर सकेंगे और एजेंटों की लूट से भी बचेंगे।

अब एजेंटों को मोटी रकम नहीं देनी पड़ेगी

कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें एजेंटों को मोटी रकम नहीं देनी पड़ेगी और बिना पर्ची-खर्ची के उन्हें नौकरी मिली है। युवाओं ने बताया कि उनका वीजा भी लग चुका है और सरकार की इस पहल से उन्हें अपने सपने साकार करने का मौका मिला है। जानकारी के अनुसार, कौशल रोजगार योजना के तहत चयनित युवाओं को दुबई में बाइक राइडर और वेयरहाउस से जुड़े विभिन्न पदों पर रोजगार मिला है। ये युवा विदेश जाकर काम करेंगे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकेंगे।

अजय चौटाला के बयान पर कहा कि ऐसे बयानों की सभ्य समाज में कोई जगह नहीं

इस दौरान अजय चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि ऐसे बयानों की सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को भाषा पर संयम रखना चाहिए। मानेसर लैंड मामले पर उन्होंने कहा कि यह कानूनी विषय है और कानून अपने अनुसार काम कर रहा है। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता एकजुट है और प्रदेश के विकास के लिए अपनी-अपनी भूमिका निभा रहा है। खिलाड़ियों की डाइट से जुड़े भुगतान पर उन्होंने कहा कि जून तक अधिकांश भुगतान क्लियर किए जा चुके हैं और शेष भी जल्द जारी कर दिए जाएंगे। वहीं, बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में शामिल न किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने बीसीसीआई का धन्यवाद किया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×