loader
The Haryana Story | कड़ाके की ठंड में ठिठुरा हरियाणा, अगले 5 दिन सूबे पर भारी, 13 जिलों में कोल्ड डे और कोल्ड वेव का अलर्ट जारी

कड़ाके की ठंड में ठिठुरा हरियाणा, अगले 5 दिन सूबे पर भारी, 13 जिलों में कोल्ड डे और कोल्ड वेव का अलर्ट जारी

मंगलवार को कोल्ड वेव की स्थिति बनी रही वहीं बुधवार को भी ठिठुरन से सुबह की शुरुवात हुई, मौसम विभाग ने अंदेशा जतायाकि तेज हवाएं चलने के कारण ठंड में हो सकता है और भी इजाफा

हरियाणा में सोमवार को खिली हल्की धूप के चलते ठंड से थोड़ी राहत सी मिलने के बाद मंगलवार को एक बार फिर से बढ़ती ठंड ने ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय हल्की धुंध रही तो उसके बाद चली ठंडी हवाओं ने आम जन मानस को प्रभावित कर दिया है। मंगलवार और बुधवार को सुबह के समय से ही चली हवाओं ने तापमान में भी कमी लाने का काम किया और तापमान और लुढ़ककर कम हो गया। अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री सेल्सियस तक रहा। तेज हवाएं चलने के कारण लोगों में कोल्ड वेव की स्थिति बन रही। मौसम विभाग ने अंदेशा जताया है कि तेज हवाएं चलने के कारण ठंड में और इजाफा हो सकता है।

ठंड के लिहाज से अगले पांच दिन सूबे पर पड़ने वाले हैं भारी 

गौरतलब है कि इस समय हरियाणा कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अभी पूरे दो से तीन दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच करनाल, हिसार, जींद में घने कोहरे के साथ ही शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद में सिर्फ घना कोहरा छाएगा। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के लिहाज से अगले पांच दिन सूबे पर भारी पड़ने वाले हैं। 

प्रदेश में कई स्थानों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी

कुछ जिलों में यहां पाला जमने की स्थिति बन सकती है। साथ ही 8 व 9 जनवरी के दौरान मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव आएगा और सीमित स्थानों पर बूंदाबांदी की भी संभावना है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में कई स्थानों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। वायुमंडल की ऊपरी सतह पर कोहरा छाया रहने से अधिकांश जगहों पर धूप नहीं निकल रही है, जिस कारण लोगों को हाड़ कंपकंपाने देने वाली ठंड का सामना करना पड़ा।

आने वाले पांच दिनों में कैसा रहेगा मौसम 

  • 7 जनवरी बुधवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हल्के बादल भी दिखाई देंगे।
  • 8 जनवरी वीरवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं। हवा की गति 5.6 प्रति किलोमीटर रहेगी। 
  • 9 जनवरी शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सर्दी से कुछ राहत मिलेगी, आसमान में बादल और छिटपुट बारिश की संभावना है।
  • 10 जनवरी शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा गति बढक़र 9.3 प्रति घंटा किलोमीटर रहेगी।
  • 11 जनवरी रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहेगी। धुंध से निजात मिलेगी। (पूर्वानुमान मौसम वेबसाइट आंकड़ों के अनुसार) 

 

शीत हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट जारी

उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट जारी है। नमी के कारण उत्तर व दक्षिणी हरियाणा ज्यादातर स्थानों पर अलसुबह व देर रात्रि को गहरी धुंध व कोहरा देखने का मिल सकता है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है और हवाओं में हल्का बदलाव के साथ हल्की से मध्यम गति से शीत हवाएं चलने की भी संभावना है। 

- डा. मदन खीचड़, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, मौसम विभाग।

Join The Conversation Opens in a new tab
×