करनाल जिले के कुंजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव खराजपुर में एक युवक को शराब पिलाकर जिंदा जलाने की कोशिश और नकदी व मोबाइल लूटने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को उसके ही घर में शराब पिलाई गई और बाद में आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक का अलग-अलग शहरों में इलाज कराया गया। अब पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झुलसी हालत में मिला युवक
गांव खराजपुर निवासी प्रेम पुत्र बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर को करीब दोपहर 3 बजे उसके चाचा के बेटे सुनील ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई विक्की उर्फ विकास को आग लगा दी गई है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां उसका भाई बुरी तरह झुलसी अवस्था में मिला। पीड़ित विक्की उर्फ विकास ने परिजनों को बताया कि गांव के ही रवि और सचिन उर्फ भिंडी उसके साथ घर आए थे। आरोप है कि दोनों को पहले से पता था कि उसके पास नगदी है। इसी दौरान आरोपियों ने उसे शराब पिलाई और बाद में जान से मारने की नीयत से आग लगा दी।
नकदी व मोबाइल ले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी युवक के ट्रैक सूट से 18 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। इसके बाद घायल विकास को उपचार के लिए पहले कुंजपुरा, फिर करनाल और बाद में रोहतक ले जाया गया। पीजीआई रोहतक से छुट्टी मिलने के बाद अब उसका इलाज घर पर चल रहा है। परिजनों के अनुसार युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
आरोपियों की तलाश की जा रही
पीड़ित परिवार ने सोमवार देर रात कुंजपुरा थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि शिकायत के अनुसार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।