हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति से न केवल उसके परिवार बल्कि समाज का भी विकास होता है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज, मजबूत अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव रखते हैं। हरियाणा सरकार ने इसी सोच के साथ आधुनिक जांच और उपचार सुविधाओं को आमजन तक सुलभ बनाया है और प्रदेश में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत सीटी स्कैन, एमआरआई, हैमो डायलिसिस और कैथ लैब जैसी उन्नत सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
हरियाणा सरकार निरंतर स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही
मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में सोवाका लैब के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उद्घाटन समारोह में डॉ. लाल पैथ लैब के चेयरमैन पद्मश्री ब्रिगेडियर डॉ. अरविंद लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा आज किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा मुफ्त में मुहैया करवाई जा रही है। इससे पहले मरीजों को इसके लिए काफी खर्च उठाना पड़ता था। हरियाणा सरकार इसके अलावा भी अनेक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मुहैया करवा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच लैब व्यक्ति के जीवन में अहम भूमिका निभाती हैं, यदि व्यक्ति समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच करवाए तो वह बहुत सारी गंभीर बीमारियों से बच सकता है।
मेडिकल व हेल्थ हब बन रहा गुरुग्राम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज गुरुग्राम तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेडिकल व हेल्थ हब के रूप में गुरुग्राम की अपनी विशिष्ट पहचान बन रही है और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में आज एक और मील का पत्थर इस लैब के रूप में स्थापित होने से मजबूत सुरक्षा चक्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह लैब स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाएगी। उन्होंने गरीब व जरूरतमंद लोगों को भी विशेष सुविधाएं देने का आह्वान किया। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, पटौदी विधायक श्रीमती बिमला चौधरी व अन्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन 2047 के मद्देनजर गुरुग्राम में आयोजित प्री बजट सेशन के दौरान एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को राज्य के बजट निर्माण प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। पोर्टल पर हरियाणवी, हिंदी तथा अंग्रेजी तीनों भाषाओं में अपने सुझाव दिए जा सकते हैं, जिससे समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
पोर्टल के माध्यम से नागरिक, विशेषज्ञ और हितधारक सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म हमारी पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता तथा सहभागी शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक, विशेषज्ञ और हितधारक सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे। अपने व्यावहारिक सुझाव सांझा कर सकेंगे और बजट निर्माण की प्रक्रिया को अधिक खुला, निरंतर और संवाद से परिपूर्ण बना सकेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश