स्पेन के बार्सिलोना शहर में हरियाणा के कैमला गांव निवासी युवक की मौत की खबर सामने आई है। जहां गांव के मुकेश की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फूड डिलीवरी के दौरान साइकिल चलाते समय पहाड़ी इलाके में चढ़ाई के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार मुकेश करीब तीन महीने पहले ही अपनी पत्नी के साथ स्पेन गया था। एक साल पहले उसने जींद निवासी सपना से कोर्ट मैरिज की थी।
परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था मुकेश
परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से मुकेश विदेश जाना चाहता था। इसके लिए परिजनों ने अपनी जमीन बेचकर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए और मुकेश व उसकी पत्नी को टूरिस्ट वीजा पर स्पेन भेजा। मधुबन स्थित अर्पणा अस्पताल में कार्यरत सुपरवाइजर देवी सिंह ने बताया कि मुकेश उनका बेटा था। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को मुकेश और सपना स्पेन पहुंचे थे। शुरुआत में दोनों ने लेबर का काम किया, बाद में मुकेश को एक स्टोर में नौकरी मिल गई। कुछ समय बाद नौकरी छूटने पर वह नई नौकरी की तलाश कर रहा था। काम न मिलने पर उसने एक रेस्टोरेंट के माध्यम से फूड डिलीवरी का काम शुरू कर दिया, जबकि उसकी पत्नी उसी रेस्टोरेंट में काम करने लगी।
पहाड़ी क्षेत्र में चढ़ाई के दौरान अचानक उसे घबराहट हुई और हार्ट अटैक आ गया
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात को बार्सिलोना से सपना का फोन आया। उसने बताया कि मुकेश रात के समय साइकिल से खाना डिलीवर करने के लिए पहाड़ी क्षेत्र की ओर जा रहा था। चढ़ाई के दौरान अचानक उसे घबराहट हुई और हार्ट अटैक आ गया। इस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वर्तमान में स्पेन में सिर्फ उसकी पत्नी सपना ही मौजूद है। परिवार का कहना है कि मुकेश का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। शव भारत पहुंचने के बाद गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुकेश का बड़ा भाई दिनेश गांव में ही खेती करता है। बेटे की असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।