loader
The Haryana Story | 'राजेंद्र गाजरपाक' पर फायरिंग व 1 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

'राजेंद्र गाजरपाक' पर फायरिंग व 1 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

तीन बाइक सवार बदमाशों ने दुकान पर अंधाधुंध 4-5 राउंड फायरिंग की, फायरिंग से पहले दो युवक मिठाई खरीदने के बहाने आए और एक पर्ची थमाई, जिसमें 1 करोड़ रुपये की मांग की गई थी

शहर की पुरानी गुड़ मंडी में देर रात को मिठाई की दुकान पर चार राउंड फायरिंग करने व मालिक से एक करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में जहां पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके तीन खोल व गोली सिक्का बरामद करके जांच शुरू कर दी है लेकिन घटना के दो दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली के खाली है। अभी तक पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही। यहां मिठाई की दुकान पर सुरक्षा के मद्देनजर चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है इसके साथ ही मालिक की ओर से एक बाउंसर तैनात किया गया है। उधर सोनीपत एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सीआईए वन व चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी रही।

सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे

वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीम गठित की गई है। उधर दुकान मालिक राजेंद्र मित्तल के मुताबिक करीब 4 साल पहले भी उनके बेटे को फोन पर फिरौती मांगने की धमकी मिली थी लेकिन बेटे ने तुरंत फोन काट दिया। उसने बताया कि घटना को लेकर अपनी तरफ से सुरक्षा को देखते हुए बाउंसर तैनात किया गया है, दूसरी और पीड़ित मनोज मित्तल ने बताया कि नगर परिषद की ओर से गली व नालियों का निर्माण करने के दौरान दुकान के आसपास चारों गेट टूटे हुए हैं जिन्हें आज तक ठीक नहीं किया गया जिससे यहां की सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और वे जल्द ही पकड़े जाएंगे, लेकिन घटना के दो दिन बाद भी अभी तक किसी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के बाद समालखा के व्यापारियों में भारी दहशत और रोष का माहौल है।   

आरोपी की धमकी : पुलिस के पास जा या कहीं भी जा..पैसे देने से ही काम चलेगा  

उल्लेखनीय है कि शहर के पुरानी गुड मंडी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राजेंद्र मित्तल गाजर पाक वाले के नाम से पुरानी गुड मंडी में मिठाई की दुकान है। उसने बताया कि 6 जनवरी को रात्रि करीब 9:00 बजे वह अपनी दुकान में काउंटर पर बैठा हुआ था इसी दौरान एक युवक दुकान के अंदर आया और एक मिठाई का बॉक्स मांगा तो उसी समय एक अन्य युवक जैकेट पहने दुकान के अंदर आया और एक पर्ची थमा दी तभी दुकान के शीशे के बाहर बाहर खड़े युवकों ने जानलेवा फायरिंग कर दी लेकिन शीशा मजबूत होने के कारण टूटकर मेरे मुंह पर गिर गया जिससे जान बच गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवकों ने जान से मारने की नीयत से 4 से 5 राउंड फायर किए। इसके बाद मैंने पर्ची को खोला तो उसमें लिखा था कि मैं शीलू डाहर बोल रहा हूं। तेरे से करोड़ रुपए चाहिए और तेरे पास 2 दिन का समय है नहीं देगा तो मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा या कहीं भी जा। पैसे देने से ही काम चलेगा। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही

सूचना मिलते ही डीएसपी समालखा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं देर रात को पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी लेकिन अब सवाल यह उठता है कि घटना के दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही। वहीं इस संबंध में समालखा थाना प्रभारी गुलशन रावल ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीम इसी काम में जुटी हुई है जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×