केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान, करनाल में महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी द्वारा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय बागवानी अधिकारियों की कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर व्यक्ति और हर विभाग की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती जनसंख्या की खाद्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कृषि और बागवानी क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाना समय की मांग है।
बीते वर्षों में कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई
कार्यशाला में प्रदेशभर से बागवानी अधिकारी, वैज्ञानिक और विभागीय विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों, जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, उनके समाधान और भविष्य की अनुसंधान रणनीतियों पर मंथन किया गया। फल व सब्जी उत्पादन, मसाले और फूलों की खेती, कटाई उपरांत प्रबंधन, पौध संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने प्रस्तुतियां दीं।
पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। सरकार का प्रयास है कि कृषि से जुड़े सभी विभागों में निरंतर सुधार हो और किसानों को आधुनिक तकनीक व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पशुपालन, मछली पालन और बागवानी को बढ़ावा देने के साथ-साथ जैविक खेती को भी प्रोत्साहित करने की बात कही।
मंडियों में फसल बिकते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान किसानों के बैंक खातों में पहुंच रहा
श्याम सिंह राणा ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलना सुनिश्चित हुआ है। मंडियों में फसल बिकते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान किसानों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। सरकार द्वारा 24 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया गया है और यदि MSP से कम दाम मिलता है तो भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों की क्षतिपूर्ति की जाती है।
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती के कारण सत्ता में आई है, जबकि कांग्रेस राज्यों के विकास और संगठन सुदृढ़ीकरण में विफल रही। मनरेगा योजना पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में हर शुभ कार्य की शुरुआत राम नाम से होती है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। जब तक अपराध होंगे, तब तक अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।