loader
The Haryana Story | मंत्री जयंत चौधरी ने किया NSTI के अत्याधुनिक गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन, बोले- AI की नई विधि के लिए युवा पीढ़ी को होना होगा तैयार

मंत्री जयंत चौधरी ने किया NSTI के अत्याधुनिक गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन, बोले- AI की नई विधि के लिए युवा पीढ़ी को होना होगा तैयार

महिला कौशल विकास से मजबूत होगा विकसित भारत, एआई को लीड करना है तो उसे बेहतर तरीके से समझना होगा

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने गुरुवार को पानीपत के राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उद्योग आधारित कौशल उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि जब युवा महिलाएं बिना किसी रुकावट के तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं, तो देश की विकास यात्रा और अधिक सशक्त होती है।

प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी

हरियाणा प्रतिभा, ऊर्जा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जाना जाता है और यहां की बेटियां देश का नाम रोशन कर रही हैं। नया छात्रावास अधिक से अधिक छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ उच्च कौशल वाले करियर की ओर बढ़ने में मदद करेगा। मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत करने के लिए 60 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना चला रही है। इस योजना से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। 

कुशल कार्यबल मिलेगा और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पांच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का एक समूह (क्लस्टर) बनाया गया है, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम तैयार करते समय यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उद्योग को किस प्रकार की दक्षता चाहिए। इससे छात्रों की गुणवत्ता बढ़ेगी, उद्योग को कुशल कार्यबल मिलेगा और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। जयंत चौधरी ने जानकारी दी कि पलवल, कुरुक्षेत्र और सोनीपत को प्रमुख समूहों के रूप में चुना गया है और औद्योगिक प्रशिक्षण क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया जाएगा। उन्होंने उद्योग जगत से इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए कौशल तत्परता (एसओएआर) - स्किल द नेशन अभियान का उल्लेख करते हुए छात्राओं से इसमें सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता सीखना हर क्षेत्र में नए अवसर खोलता है और युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करता है। 

उच्च मांग वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा

राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं के कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यहां वस्त्र अभिकल्प प्रौद्योगिकी, सौंदर्य विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर अनुप्रयोग और आशुलिपि जैसे उच्च मांग वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान उद्योग के साथ साझेदारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता और रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रहा है। यह प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी राष्ट्रीय पहलों का भी सक्रिय रूप से समर्थन कर रहा है। 

यह परिसर छात्राओं को सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करेगा

नया बालिका छात्रावास 2 हजार 758 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित भूतल सहित दो मंज़िला (जी प्लस टू) भवन है। इसमें कुल 59 कमरे, 50 दोहरी साझा आवासीय इकाइयां, मनोरंजन कक्ष, अतिथि सुविधा और सामुदायिक स्थल उपलब्ध हैं। छात्रावास को सुरक्षा, सुगमता और पर्यावरणीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। ऊर्जा दक्ष प्रणालियों और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर छात्राओं को सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करेगा। यह छाात्रावास सीसीटीवी से लैस रहेगा। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से मंत्री जयंत चौधरी का अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज यादव ने बुके देकर स्वागत किया। 

जयंत चौधारी ने नवनिर्मित छात्रावास का अवलोकन भी किया

इस अवसर पर प्रशिक्षण महानिदेशालय के उप महानिदेशक सुनील कुमार गुप्ता, हरियाणा क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता निदेशालय के क्षेत्रीय निदेशक सुशील कुमार अग्रवाल, सहायक निदेकश यश गर्ग, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) की प्रचार्या और सहायक निदेशक बबीता, हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त निदेशक संजीव शर्मा, आईटीआई के प्रिंसीपल डॉ. कृष्ण कुमार तथा वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षु छात्राएं एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी को विभाग की ओर से महानिदेशालय के उप महानिदेशक सुनील कुमार ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर मंत्री जयंत चौधारी ने नवनिर्मित छात्रावास का अवलोकन भी किया। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×