शहर की पुरानी गुड़ मंडी स्थित मिठाई की दुकान पर फायरिंग करने व एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में तीनों आरोपियों की पहचान होने के बावजूद भी 5 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही जिसको लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं वैसे तो पुलिस का नारा सेवा सुरक्षा और सहयोग का है, लेकिन यह नारा लोगों के गले से नहीं उतर रहा हालांकि मामले को लेकर पुलिस इसी काम में जुटी हुई है लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं शनिवार को विधायक का मनमोहन भड़ाना पीड़ित परिवार से मिले।
किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
इस दौरान पीड़ित परिवार ने विधायक मनमोहन भड़ाना को घटना के बारे में आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग की वहीं विधायक ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं विधायक ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से फोन पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि हल्के में किसी भी सूरत में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा।मौके पर डीएसपी समालखा थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज मौजूद रहे।
जान से मारने की नीयत से 4 से 5 राउंड फायर किए
उल्लेखनीय है कि पुरानी गुड़ मंडी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राजेंद्र मित्तल गाजर पाक वाले के नाम से पुरानी गुड़ मंडी में मिठाई की दुकान है। उसने बताया कि 6 जनवरी को रात्रि करीब 9:00 बजे वह अपनी दुकान में काउंटर पर बैठा हुआ था इसी दौरान एक युवक दुकान के अंदर आया और एक मिठाई का बॉक्स मांगा तो उसी समय एक अन्य युवक जैकेट पहने दुकान के अंदर आया और एक पर्ची थमा दी तभी दुकान के शीशे के बाहर बाहर खड़े युवकों ने जानलेवा फायरिंग कर दी लेकिन शीशा मजबूत होने के कारण टूटकर मेरे मुंह पर गिर गया जिससे जान बच गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवकों ने जान से मारने की नीयत से 4 से 5 राउंड फायर किए।
संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही
इसके बाद मैंने पर्ची को खोला तो उसमें लिखा था कि मैं शीलू डाहर बोल रहा हूं। तेरे से करोड़ रपए चाहिए और तेरे पास 2 दिन का समय है नहीं देगा तो मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा या कहीं भी जा। पैसे देने से ही काम चलेगा। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 6 टीमें गठित की गई है लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली के खाली है हालांकि पुलिस की टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए सरगर्मी से तलाश कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।