हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने सोमवार को जिला कारागार, पानीपत का निरीक्षण कर बंदियों के मानवाधिकार, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पुनर्वास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जेल परिसर में पहुंचने पर बंदियों ने फूल मालाओं से अध्यक्ष का स्वागत किया, जबकि पुलिस की टुकड़ी द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज एवं एसडीएम मनदीप ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
बंदी भी हमारे समाज का हिस्सा
निरीक्षण के उपरांत माननीय अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि कारागार केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र होना चाहिए। बंदी भी हमारे समाज का हिस्सा हैं। यदि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर दिए जाएं, तो वे समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ लौट सकते हैं। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव वर्षा शर्मा को सभी शेल्टर होम और वृद्ध आश्रमों की नियमित देखरेख करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया।
महिला बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उनकी समस्याएं सुनीं
चेयरमैन ने कहा कि जेल में बंद बंदियों से विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए ड्यूल डेस्क तैयार करवाए जा सकते हैं, जिससे बंदियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक से जेल में कम से कम एक वर्ष के लिए डॉक्टरों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा। अध्यक्ष ने महिला वार्ड का निरीक्षण किया, महिला बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उनकी समस्याएं सुनीं। एक महिला बंदी के अनुरोध पर उन्होंने पेहवा जेल अधिकारी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान भी करवाया। इस दौरान उन्होंने महिला वार्ड, कक्षा कक्ष, जेल रसोई, क्रेच तथा कारपेट सेक्शन सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया।
प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे
इस मौके पर माननीय न्यायमूर्ति ललित बत्रा, अध्यक्ष, हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अलावा आयोग के दोनों सदस्य कुलदीप जैन और दीप भाटिया, संजय कुमार खंडूजा, रजिस्ट्रार, डॉ. पुनीत अरोड़ा, सहायक रजिस्ट्रार, डॉ. विजय मलिक, सिविल सर्जन संदीप कुमार, आईपीएस हर्षित गोयल, जेल अधीक्षक संजीव कुमार, डीएसपी राजबीर, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सहित एडवोकेट राजेश, दीपाली के अलावा अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्पेशल योजनाएं, जागरूकता आदि विषयों पर चर्चा की
कारागार की सुविधाएं जिला कारागार, पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 ए पर ग्राम सिवाह में स्थित है, जिसका कुल क्षेत्रफल 47 एकड़ 6 मरला है। जेल में बेकरी यूनिट, महिला वार्ड एवं क्रेच सुविधा, जेल रेडियो, आधुनिक मुलाकात प्रणाली (इंटरकॉम आधारित), फीनिक्स सॉफ्टवेयर, बंदी कॉलिंग प्रणाली, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था, आधुनिक जेल रसोई, 30 बिस्तरों वाला जेल अस्पताल, जेल स्कूल (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के माध्यम से), जेल फैक्ट्री, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, आरओ पेयजल संयंत्र तथा आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं।
इस मौके पर एनजीओ इंपॉवर पीपल के राज्य कॉर्डिनेटर राजेन्द्र प्रसाद ने बाहरी राज्यों से शादी करके दुल्हन के रूप में हरियाणा में लाई गई महिलाओं / लड़कियों के हितों के लिए स्पेशल योजनाएं, जागरूकता आदि विषयों पर चर्चा की। पैरा ओलंपियन दीपा मलिक ने भी आयोग अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें किसी कार्यक्रम के लिए इनवाइट किया व कई जानकारियां उनके साथ साझा की।