जनवरी माह के पहले पखवाड़े में धुंध और ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त सा हो गया था। इतनी ज्यादा ठंड थी कि न्यूनतम तापमान रात का 2 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं पर अब पिछले दो दिनों से तेज धूप खिल उठी है जिससे ठंड से तो छुटकारा मिला है वहीं पर आसमान साफ होने से कोहरे से भी निजात मिली है। अब मौसम विभाग ने वातावरण में गर्माहट के चलते आने वाले दिनों में बारिश के आसार बताए हैं। उसके बाद से फिर से ठंड का आगाज हो सकता है। रविवार और सोमवार को तेज धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राज्य में ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही
तापमान जहां पर शनिवार को 14 डिग्री पर चल रहा था वहीं पर सोमवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। वहीं पर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक सामान्य था वह भी सोमवार को 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में ठंड का कम अहसास हो रहा था। अब मौसम विभाग से जारी निर्देशों के अनुसार 21 से 23 तक राज्य में कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद 24 को रात्रि के समय से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 25 जनवरी से राज्य में ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है। सुबह के समय कुछ कोहरा था लेकिन उसके बाद खिली तेज धूप ने राहत दी है।
धूप निकलने के कारण कोहरे से मिला छुटकारा, अब सुखी ठंड करेगी परेशान
पिछले दो दिनों से धुंध और कोहरा छंटने के बाद अब सुखी ठंड ने परेशानी बढ़ा दी हैं। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण गर्म दिन रहा, लेकिन सुबह और शाम के वक्त कड़ाके की ठंड महसूस हुई। पिछले कई दिनों से शहर में दिन रात कोहरा छाया रहा था। ठंड भी जबरदस्त हो रही थी जिसके कारण यातायात के साधनों की गति पर भी ब्रेक लग रहा था और जन जीवन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में अब मौसम खुलने के बाद राहत की सांस मिली हैं। हालांकि दो दिनों से सुबह और शाम सुखी ठंड हो रही हैं।
धूप में बैठकर आनंद लेते नजर आए लोग
ठंड और धुंध की वजह से लोगों के दिन चर्या के कार्य भी नहीं हो पा रहे थे पिछले दो दिनों से धूप खिलने के कारण शहर के मकानों में कपड़े सुखाने की कतारें नजर आई। वहीं पर पार्को में धूप में बैठकर लोग ठंड से बचते हुए नजर आए। मौसम साफ होने के कारण काफी राहत मिली हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग से जारी निर्देशों के अनुसार 25 जनवरी तक मौसम के परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव बना रहने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 20 व 21 जनवरी को आंशिक बादलवाई रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार है। उसके बाद 22 से 23 जनवरी को राज्य में कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव रहने और रात्रि तापमान सामान्य से ज्यादा रहने तथा दिन के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। - चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, कृषि मौसम विज्ञान डा. मदन खीचड़।