loader
The Haryana Story | हरियाणा विधानसभा की युवा कल्याण एवं युवा मामलों से जुड़ी कमेटी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, ली कई गहन जानकारियां

हरियाणा विधानसभा की युवा कल्याण एवं युवा मामलों से जुड़ी कमेटी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, ली कई गहन जानकारियां

कमेटी ने की जेल परिसर की प्रशंसा, डीजी जेल आलोक मित्तल बोले - जिलों से चलने वाले मोबाइल नेटवर्क पर पूरी तरह से कसा गया शिकंजा

हरियाणा विधानसभा की युवा कल्याण एवं युवा मामलों से जुड़ी कमेटी ने मंगलवार को जिला कारागार का दौरा कर जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, नशा मुक्ति, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इससे पूर्व कमेटी सदस्यों ने जिला सचिवालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जेल प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी ली। जेल निरीक्षक के दौरान कमेटी के सदस्यों ने जेल में बंद बंदियों व कैदियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान कमेटी ने महिला वार्ड, क्रैच वार्ड, अस्पताल, सिलाई केंद्र और अन्य कार्य स्थलों का निरीक्षण किया।

कमेटी ने युवा बंदियों (18 से 35 वर्ष आयु वर्ग) से जुड़े कई सवाल पूछे

जेल परिसर में बेहतर साफ- सफाई और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला, जिसकी कमेटी ने प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने कमेटी के सदस्यों को अलग-अलग वार्डो में ले जाकर बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य, भोजन, सुरक्षा, महिला एवं युवा बंदियों के लिए किए गए विशेष प्रबंधों से कमेटी को अवगत कराया। कमेटी ने युवा बंदियों (18 से 35 वर्ष आयु वर्ग) से जुड़े कई सवाल पूछे। जेल अधिकारियों ने बताया कि जेलों में नशा मुक्ति के लिए नियमित ओपीडी सेवाएं दी जा रही हैं तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उपचार किया जाता है। 

बीमार और कमजोर बंदियों के लिए अलग से विशेष आहार की व्यवस्था

केंद्रीय जेल अंबाला, हिसार-2, जिला जेल यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और नारनौल में नशा मुक्ति की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, पीयर एजुकेटर, स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारी तैनात हैं तथा सिविल अस्पताल के विशेषज्ञ समय-समय पर जेलों का दौरा करते हैं। कमेटी को बताया गया कि बंदियों को दिया जाने वाला भोजन हरियाणा कारागार नियम 2022 के अनुसार उपलब्ध कराया जाता है। भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाती है और चिकित्साअधिकारी की सिफारिश पर विशेष आहार दिया जाता है। युवा बंदियों, महिलाओं, बीमार और कमजोर बंदियों के लिए अलग से विशेष आहार की व्यवस्था है। हेपेटाइटिस और अन्य संक्रामक रोगों के उपचार के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।

प्रदेश में कुल 27,290 कैदी, करीब 450 गैंगस्टर अलग-अलग जेलों में कड़ी निगरानी में रखे गए

डीजी जेल आलोक मित्तल ने कमेटी को बताया कि प्रदेश की जेलों में सुधारात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश की किसी भी जेल में मोबाइल नेटवर्क पर लगाम कशी गई है। अब जिलों में मोबाइल के जरिए जो घटनाओं को अंजाम दिया जाता था उसका प्रतिशत शून्य है। उन्होंने बताया कि करीब 5 हजार कैदी रोजाना सूर्य नमस्कार कर रहे हैं। प्रदेश की 12 जेलों में रेडियो स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं, जहां कैदियों की पसंद के अनुसार गीत सुनाए जाते हैं। सामाजिक और धामिज़्क संस्थाओं को भी जेलों में आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 27,290 कैदी हैं और करीब 450 गैंगस्टर अलग-अलग जेलों में कड़ी निगरानी में रखे गए हैं, जिन्हें अन्य कैदियों से अलग सेल में रखा जाता है। 

जेलों में मोबाइल नेटवर्क, ब्लड टेस्ट की शुरुआत और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल भी पूछे

कमेटी के सदस्यों ने ड्रग टेस्ट, वॉर्डर की नियुक्ति, जेलों में मोबाइल नेटवर्क, ब्लड टेस्ट की शुरुआत और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने एक-एक कर जवाब दिया। आई जी सतीश बाल्यान ने बताया कि प्रदेश की सभी 20 जेलों का कुल बजट करीब 600 करोड़ रुपये है, जिसमें से बड़ा हिस्सा जेलों के निर्माण, रखरखाव और कर्मचारियों के वेतन पर खर्च किया जाता है। कमेटी अध्यक्ष और समालखा विधानसभा के विधायक मनमोहन भड़ाना ने जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग ने जेलों को सुधारगृह के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीरता से काम किया है।  

जेलों को सुव्यवस्थित बनाने में काफी मेहनत लगी और आगे भी सुधार की प्रक्रिया जारी

डीजी आलोक मित्तल ने कहा कि जेलों को सुव्यवस्थित बनाने में काफी मेहनत लगी है और आगे भी सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष मनमोहन भड़ाना के अलावा महम से विधायक बलराम दांगी, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, पुंडरी विधायक सतपाल जांबा, सोनीपत से विधायक निखिल मदान, होडल से विधायक हरेंद्र सिंह, जेल अधीक्षक संजीव कुमार, डीएसपी सुरेश, डिप्टी निरीक्षक नवीन, अंडर सेक्रेटरी नवीन भारद्वाज, वी.एस. चौधरी लाइजन अधिकारी, जगत चंदेल, जोगिंदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला सचिवालय पहुंचने पर एसडीएम मनदीप और अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक चौधरी ने कमेटी सदस्यों का स्वागत किया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×