loader
The Haryana Story | डॉ. अरविंद शर्मा बोले - नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देश के लाखों युवाओं में आएगी नई ऊर्जा, राजनीति में भी आएगा बदलाव

डॉ. अरविंद शर्मा बोले - नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देश के लाखों युवाओं में आएगी नई ऊर्जा, राजनीति में भी आएगा बदलाव

कहा - नितिन नबीन का शासन और प्रशासन चलाने का बहुत बड़ा अनुभव है, इसीलिए नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा को नई ताकत मिलेगी

नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद देश के विभिन्न प्रदेशों के ऐसे लाखों की संख्या में युवाओं में ऊर्जा आएगी जिनका राजनीतिक रूप से कहीं भी कोई संबंध नहीं रहा, और इससे लाखों युवाओं में राजनीतिक संचार होगा, जिससे विभिन्न प्रदेशों में युवाओं में राजनीति बदलाव भी आएगा। उक्त बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पट्टीकल्याणा में उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन कई बार मंत्री रह चुके हैं और उनका शासन और प्रशासन चलाने का बहुत बड़ा अनुभव है, इसीलिए नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भारतीय जनता पार्टी को एक ऐसी ताकत मिलेगी जिस ताकत को लेकर भारतीय जनता पार्टी और ज्यादा लोगों की सेवा करने का काम करेगी। 

मोदी और शाह की जोड़ी देश की राजनीति को नया आयाम देने का काम कर रही

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जोड़ी जिस तरह से देश की राजनीति को नया आयाम देने का काम कर रही है, निश्चित रूप से इससे सभी का भला हो रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे जम्मू कश्मीर में धारा 370 और 35ए हटाने की बात हो या पाकिस्तान के आतंकवादियों द्वारा जम्मू कश्मीर में किए गए आतंकी हमले की बात हो, मोदी और अमित शाह दोनों की जोड़ी ने जिस तरह से सेना को इतनी ताकत दी, कि इसका जीता जागता उदाहरण पाकिस्तान के आतंकवादियों द्वारा जम्मू कश्मीर में जवानों पर किए गए हमले का ईंट का जवाब पत्थर से देने का काम किया। यानी पाकिस्तान की सेवा को पाकिस्तान में ही घुसकर सबक सिखाने का काम किया, और इसको लेकर पूरी दुनिया ने देखा कि अब भारत दुनिया के देशों में आम देश नहीं है, भारत एक शांति का देश है। 

अब पूरी पारदर्शिता के साथ हरियाणा प्रदेश में विकास कार्य हो रहे

डॉ. अरविंद शर्मा ने यह भी कहा कि भारत पहले किसी को कुछ नहीं कहता, लेकिन कोई भारत पर अगर अटैक करता है तो उस अटैक का कई गुना अटैक करने के बाद जवाब देने का काम भी भारत ही करता है, और यह सब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद ही हो रहा है। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने यह भी कहा कि हरियाणा प्रदेश में जिस तरह से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में दिन दोगुनी और रात चौगुनी कर रहा है, निश्चित रूप से इसको लेकर आज प्रदेश का जन-जन खुश है और इसका जीता जागता उदाहरण प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से पहले नौकरियों में धांधली या अन्य कार्यों में गोलमाल किया जाता था अब पूरी पारदर्शिता के साथ हरियाणा प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं और नौकरियों की बात में तो पूरी पारदर्शिता से काम हो रहे हैं। 

प्रदेश सरकार ने जाति–पाति न देख कर केवल और केवल उनकी काबिलियत देखी

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रदेश के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी काबिलियत के आधार पर जो नौकरियां मिली हैं, और इसको लेकर प्रदेश सरकार ने जाति–पाति न देख कर केवल और केवल उनकी काबिलियत देखी और इस काबिलियत के आधार पर प्रदेश में लाखों ऐसे युवाओं को नौकरियां मिली हैं जो भाजपा सरकार आने से पहले टेस्ट पास करने के बावजूद भी नौकरी नहीं लग पाए थे, इससे पहले मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को–ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन योगेश बसोया के पिता रामचंद्र बसावाया के निधन होने और मनाना गांव में पितांबर शर्मा की माता का निधन होने के बाद परिवार का ढांढस बंधाने पहुंचे। इस अवसर पर अनिल शर्मा व प्रिंस शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×