पानीपत जिला के बापौली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन और बिना नंबर वाले डंपरों का संचालन न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। बापौली क्षेत्र में मिट्टी खनन करने वाले बेखौफ हो गए हैं। क्षेत्र में अवैध खनन कर बिना नंबर डंपरों से मिट्टी का खुलेआम गोरख धंधा चल रहा है। बेरोकटोक व्यस्त सडक़ों से गुजर रहे डंपर जन-जीवन पर खतरा बने हुए हैं,प्रशासन का इस और कोई ध्यान नही है।
ये डंपर दिन में बिना रोकटोक के गुजर रहे
प्रशासन की और से सख्त दिखाए जाने के बाद बाद मिट्टी का अवैध खनन कुछ समय के लिए रुक गया था। लेकिन अब फिर से बापौली क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन ने जोर पकड़ लिया है। लेकिन इस बार मिट्टी कारोबारियों ने नया तरीका निकाला है। वे खनन करने के बाद बिना नंबर प्लेट लगे डंपरों से मिट्टी को ले जाने में प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में कोई हादसा हुआ तो डंपर को पहचानना बेहद मुश्किल होगा। हैरानी की बात यह है कि ये डंपर दिन में बिना रोकटोक के गुजर रहे हैं। न तो पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की इन पर नजर है और न ही अवैध खनन करने वालों में खौफ है।
हादसा होने पर भी चालक आसानी से फरार हो जाते
अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को हटाकर उन्हें पहचान से दूर रखा जा रहा है। अधिकतर ऐसे वाहनों का संचालन रात के समय किया जाता है। जिससे दुर्घटना कर भाग निकलना आसान हो जाता है। क्षेत्र में अवैध खनन में लगे डंपर प्राय: बिना नंबर प्लेट के चलते हैं। नंबर स्पष्ट न होने के कारण न तो चालान हो पाता है और न ही वाहन की पहचान। यही वजह है कि हादसा होने पर भी चालक आसानी से फरार हो जाते हैं।
न लाइसेंस और न ही नियमों की जानकारी
अवैध खनन कर मिट्टी ले जाने वाले डम्फरों पर बताया जा रहा है कि जिनके पास न लाइसेंस होता है और न ही नियमों की जानकारी। उनका एकमात्र लक्ष्य अधिक से अधिक खनन करना होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर रात के समय अवैध खनन होता है, जहां इन्हीं वाहनों का प्रयोग किया जाता है। बता दें कि शिकायत करने पर भी नंबर प्लेट न होने के कारण सही जानकारी नहीं मिल पाती। इस विषय में बापौली थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह का कहना है कि वो खुद आज रात को गश्त करेंगे। अगर कोई डम्पर अवैध खनन करता हुआ मिला या बिना नम्बर प्लेट के मिला तो उसे इम्पाउंड किया जाएगा। किसी भी सूरत में नियमों को नहीं तोड़ने दिया जाएगा।