loader
The Haryana Story | महिपाल ढांडा बोले - सबसे युवा अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का निर्वाचित होना 'परिवर्तन' का संदेश

महिपाल ढांडा बोले - सबसे युवा अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का निर्वाचित होना 'परिवर्तन' का संदेश

भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचित होने पर एक जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का किया आयोजन

श्याम कमल भाजपा जिला कार्यालय परिसर में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचित होने पर एक जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने की और हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमोद विज, जिला उपाध्यक्ष नवीन भाटिया और सभी मंडल अध्यक्षों ने बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है और पार्टी हाई कमान का जो भी निर्णय होता है उसी को सभी कार्यकर्ता शिरोधार्य करते है।

युवा कार्यकर्ताओं के मन में नई उमंग और जोश का संचार होगा

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि नितिन नबीन का इस पद पर निर्वाचित होना युवाओं को सम्मानित करने जैसा है। इससे निश्चित तौर पर युवा कार्यकर्ताओं के मन में नई उमंग और जोश का संचार होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष पद पर एक युवा को जिम्मेदारी मिलना एक परिवर्तन का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, अन्त्योदय, सुशासन और पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के गरीब वर्गों का उत्थान करना भाजपा का मूल उद्देश्य है। 

नितिन नबीन आज तक के भाजपा के सबसे युवा पार्टी अध्यक्ष

शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कहना कि पार्टी मामलों में अब नबीन ही मेरे बॉस होंगे, यह दर्शाता है कि पार्टी में अध्यक्ष पद का कितना महत्त्व है। इससे भी बड़ी बात यह है कि नितिन नबीन 45 वर्ष के हैं जो आज तक के भाजपा के सबसे युवा पार्टी अध्यक्ष है। इस नियुक्ति से निश्चित ही देश के युवा वर्ग में विशेष ख़ुशी की झलक स्पष्ट नजर आती है। 

युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव का लाभ भाजपा को मिलेगा

जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने जब नतीजों की घोषणा की तो सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने कहा कि भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और गत 14 दिसंबर को ही भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त हुए थे। इनकी नियुक्ति से युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव का लाभ भाजपा को मिलेगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×