loader
The Haryana Story | सांसद रेखा शर्मा बोलीं - VB-G RAM G केवल योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के लिए एक "ऐतिहासिक रोडमैप"

सांसद रेखा शर्मा बोलीं - VB-G RAM G केवल योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के लिए एक "ऐतिहासिक रोडमैप"

कांग्रेस शासन बनाम मोदी सरकार, ज़मीन पर दिखता फर्क : रेखा शर्मा

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने 'विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यानी VB-G RAM G अधिनियम, 2025 को ग्रामीण भारत के लिए एक "ऐतिहासिक रोडमैप" बताया है। सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला जिले के बरवाला, भरेली, बटवाल एवं रिहोड़ सहित कई गांवों में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रमों में मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और इस योजना के महत्व पर जोर दिया। चौपाल कार्यक्रमों के दौरान  रेखा शर्मा ने VB-G RAM G अधिनियम के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं दूरगामी प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कानून ग्रामीण भारत को रोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भरता की मजबूत गारंटी प्रदान करता है।

ग्रामीण भारत के लिए एक ऐतिहासिक परिवर्तनकारी कदम

रेखा शर्मा ने कहा कि VB-G RAM G अधिनियम ग्रामीण भारत के लिए एक ऐतिहासिक परिवर्तनकारी कदम है। यह केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने का ठोस रोडमैप है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण नागरिकों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी, स्थायी आजीविका के अवसर तथा पारदर्शी एवं शोषण-मुक्त कार्यप्रणाली सुनिश्चित की गई है। इस नए अधिनियम ने 20 साल पुराने मनरेगा (MGNREGA) की जगह ली है और अब ग्रामीण परिवारों को साल में 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी प्रदान करता है। रेखा शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह योजना पूरी तरह से तकनीक आधारित है। इसमें बायोमेट्रिक उपस्थिति, डिजिटल निगरानी और आधार-लिंक्ड भुगतान प्रणाली शामिल है ताकि भ्रष्टाचार की गुंजाइश न रहे।

मंडल और बूथ स्तर तक जागरूकता अभियान चलाएगी सरकार

इस मिशन का उद्देश्य केवल अल्पकालिक मजदूरी देना नहीं, बल्कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे, जल संरक्षण और जलवायु-अनुकूल संपत्तियों का निर्माण करना है जो भविष्य में आत्मनिर्भरता बढ़ा सकें। उन्होंने जोर दिया कि यह योजना श्रमिकों को न केवल काम, बल्कि समय पर मजदूरी और सुरक्षित आजीविका के माध्यम से सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार देती है। रेखा शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार इस योजना के लाभों को हर ग्रामीण घर तक पहुंचाने के लिए मंडल और बूथ स्तर तक जागरूकता अभियान चलाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष तेजिंदर गुप्ता, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजय आहूजा, कोषाध्यक्ष सुशील सिंगला,भरेली से पूर्व सरपंच गुरचरण, रिहोड़ से सरपंच गुरप्रीत, बटवाल से सरपंच विधि चंद सहित स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×