केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल रविवार को जीटी रोड स्थित गांव सिवाह में सरपंच सुनीता कादियान एवं आर्य बाल भारती स्कूल के प्रधान रणदीप आर्य के आवास पर पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी मौजूद रहे। सरपंच आवास एवं कार्यालय पर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का रणदीप आर्य, पंच जयदीप कादियान नंबरदार, एमिनेंट पर्सन सुरेश कादियान, जसवंत सिंह, पंच वेदपाल व प्रदीप आदि ग्रामीणों ने बुके देकर स्वागत किया।
मनरेगा में भी अनेक नए प्रावधान शामिल किए गए
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांव सिवाह के किसानों से कृषि विभाग के पोर्टल को लेकर और मनरेगा मजदूरों से जी राम जी योजना को लेकर सीधे बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई भी समस्या हो तो वे मेरे को बतला सकते है ताकि उसका समाधान किया जा सके। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विकसित भारत जी-रामजी योजना के बारे में ग्रामीणों को बताया कि कल्याणकारी योजनाओं में भी समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप परिवर्तन किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में मनरेगा में भी अनेक नए प्रावधान शामिल किए गए हैं। अब इस योजना का नाम वीबी जी राम जी कर दिया गया है और नए प्रावधानों के तहत रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है।
ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी और रोजगार सुरक्षा को बड़ा बढ़ावा मिला
इससे ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी और रोजगार सुरक्षा को बड़ा बढ़ावा मिला है। वहीं किसानों ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को बताया कि पोर्टल पर गेहूं की खरीद को लेकर कोई दिक्कत नहीं है लेकिन सरसो की खरीद में दिक्कत आती है। सरकार द्वारा किसानों की एक एकड की सिर्फ 8 क्विंटल सरसो ही खरीदी जाती है जबकि एक एकड़ में ज्यादा सरसो निकलती है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने किसानों को आश्वासन दिया कि इसका समाधान करवाया जाएगा।