हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को स्थानीय शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया तथा भव्य परेड की सलामी ली। उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रशासन की तरफ से मंत्री का बुके भेंट कर स्वागत किया और गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व मंत्री ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसराना उपमंडल में विधायक मनमोहन भड़ाना और समालखा उपमंडल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राई विधायक कृष्णा गहलावत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया
इस मौके पर मुख्य जिला स्तरीय समारोह में अपने संबोधन में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि यह गौरवशाली दिन हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक गणराज्य में सांस ले रहे हैं। मंत्री ने कहा कि आज से 76 वर्ष पूर्व 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ, जिसने देशवासियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 उतारने वाला विश्व का पहला देश बना
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए कठिन संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत एक सशक्त गणराज्य के रूप में विश्व मंच पर स्थापित है। मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से भारत ने दुनिया में एक बड़ी शक्ति के रूप में पहचान बनाई है। इसमें किसानों, मजदूरों, कारीगरों, वैज्ञानिकों और दूरदर्शी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। भारत ने चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशनों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है तथा चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 उतारने वाला विश्व का पहला देश बना है।
भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से
उन्होंने कहा कि देश की इस प्रगति में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक-आर्थिक विकास में प्रदेश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो चुका है और प्रदेश की कई नीतियों को अन्य राज्य भी अपना रहे हैं। मंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में देशसेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा है और आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। शहीदों के बलिदान का ऋण चुकाना संभव नहीं, लेकिन उनके परिवारों की देखभाल कर सरकार अपना कर्तव्य निभा रही है। शहीद सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और अग्निवीरों के लिए अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपये की गई है तथा अग्नि वीरों को सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। अब तक शहीदों के 418 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
पात्र परिवारों को घर बैठे योजनाओं का लाभ मिल रहा
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मंत्र पर चलते हुए सुशासन से सेवा का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र परिवारों को घर बैठे योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गरीब की बेटी की शादी के लिए 71 हजार रुपये शगुन, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों को 3200 रुपये मासिक पेंशन, चिरायु कार्ड, बीपीएल कार्ड और किसानों को फसल भुगतान सीधे खाते में भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस सुविधा, आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। हैप्पी योजना के तहत हरियाणा रोडवेज बसों में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 98,860 मकान दिए जा चुके
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 98,860 मकान दिए जा चुके हैं और हजारों मकान निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण के तहत हजारों गरीब परिवारों को प्लाट उपलब्ध करवाए गए हैं। राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया गया है तथा चिराग योजना के तहत गरीब परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में पढऩे का अवसर मिल रहा है। कृषि क्षेत्र में ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल, एमएमपी पर 24 फसलों की खरीद, 48 घंटे में भुगतान, गन्ने का 415 रुपये प्रति क्विंटल भाव, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 7234 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, गौशालाओं में सोलर प्लांट, बायोगैस परियोजनाएं, सिंचाई और जल संरक्षण के अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
रोजगार, शिक्षा और खेलों में हरियाणा ने नई पहचान बनाई
उन्होंने कहा कि उद्योग, रोजगार, शिक्षा और खेलों में हरियाणा ने नई पहचान बनाई है। 1.80 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, 1472 खेल नर्सरियां, ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों रुपये के पुरस्कार दिए गए हैं। महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण, लाडो लक्ष्मी योजना, हर घर-हर गृहणी योजना और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सुविधाएं दी गई हैं। शहरी विकास, सडक़, रेल, मेट्रो, स्मार्ट सिटी, बिजली आपूर्ति, सोलर ऊर्जा और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन रोजगार, 24 घंटे बिजली, ई-लाइब्रेरी, पार्क-व्यायामशालाएं और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है।
सशक्त भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर हम सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर भविष्य बनाना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के प्रति सजग रहते हुए सशक्त भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, भाजपा नेता हरपाल ढांडा,विकास एवं पंचायत मंत्री के अनुज रोहताश पंवार,एडीसी एवं निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह,आईपीएस हर्षित गोयल, एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ किरण, सीएमजीजीए अदिति, मार्किट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री,डीडीपीओ राजेश शर्मा, रविंदर सैनी,संदीप जिंदल के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।
जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक एवं संदेशात्मक झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों के माध्यम से विभागों ने अपनी योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। इनमें अंकों के आधार पर शुगर मिल की झांकी प्रथम, शिक्षा विभाग की झांकी द्वितीय और बागवानी विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही।
स्वतंत्रता सेनानियों व उनके आश्रितों को भी सम्मानित किया
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में रामदास पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम स्थान पर (ग्रुप नृत्य) पाईट हुड्डा की द्वितीय स्थान पर (नृत्य) और डीएवी थर्मल ग्रुप नृत्य में तृतीय स्थान पर रहा। समारोह में युद्ध वीरांगनाओं के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों व उनके आश्रितों को भी सम्मानित किया गया।