loader
The Haryana Story | हरियाणा के 'इस शहर' में जल्द दौड़ेंगी 100 पिंक ऑटो, प्रशिक्षित महिलाएं संभालेंगी ऑटो की कमान

हरियाणा के 'इस शहर' में जल्द दौड़ेंगी 100 पिंक ऑटो, प्रशिक्षित महिलाएं संभालेंगी ऑटो की कमान

जिला रोड सेफ्टी कमेटी और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय, डीसी वीरेंद्र दहिया और विधायक विज बोले- शहरवासियों की सुरक्षा और ट्रैफिक सुधार को प्राथमिकता

पानीपत जिला प्रशासन ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए 100 पिंक ऑटो चलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इन 100 पिंक ऑटो की कमान पूरी तरह से प्रशिक्षित महिलाओं के हाथों में होगी। जिला प्रशासन इन महिलाओं को बाकायदा ड्राइविंग और सुरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करेगा ताकि वे आत्मविश्वास के साथ ऑटो चला सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में महिलाओं और छात्राओं के लिए सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है। यह फैसला हाल ही में जिला सचिवालय में हुई जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने की। इस बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सुधार और दुर्घटना रोकथाम के उपायों पर चर्चा

उल्लेखनीय है कि पानीपत जिला सचिवालय सभागार में शुक्रवार को जिला रोड सेफ्टी कमेटी और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सुधार और दुर्घटना रोकथाम के उपायों पर चर्चा करना था। बैठक में नवंबर और दिसंबर 2025 के सड़क दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा की गई और शहर के पुराने व नए दुर्घटना स्थलों पर सुधारात्मक उपाय तय किए गए। विधायक प्रमोद विज भी बैठक में उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक में कहा कि शहर वासियों की समस्याओं का समाधान उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर किए जाए। उन्होंने  अधिकारियों को फ्लाईओवर पर बैरियर का कार्य अति शीघ्रता से करने के निर्देश दिए।

ई रिक्शा-ऑटो रिक्शा के लिए स्टैंड बनाने, अवैध पार्किंग हटाने, फुटपाथ सुधार के लिए निर्णय 

बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय में एनएच- 44 और अन्य प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, एनएच-44 चौड़ीकरण और फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर का निर्माण करने, रिफाइनरी रोड और बरसात रोड पर सडक़ मरम्मत और जलभराव में सुधार करने को लेकर  निर्णय लिए गए। यही नहीं बैठक में ई रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए स्टैंड बनाने, अवैध पार्किंग हटाना, पेड़-पौधों की छंटाई और फुटपाथ सुधार के भी निर्णय लिए गए। इसके अलावा सुरक्षित स्कूल वाहन नीति का कड़ाई से पालन करने, पैदल मार्ग और सुरक्षित क्रॉसिंग का निर्माण, खासकर उच्च जनसंख्या और औद्योगिक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए 100 पिंक ऑटो सेवा शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।

किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि शहर में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुर्घटना प्रवण स्थलों की मरम्मत में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कटों, अवैध पार्किंग, जलभराव और सड़क की खराब स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर सुधारना संबंधित विभाग सुनिश्चित करें। पानीपत को सुरक्षित, व्यवस्थित और आदर्श शहर बनाने में कोई समझौता नहीं होगा। समय पर कार्य न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और आदर्श शहर बनाने के लिए सभी उपाय समय पर और कड़े तरीके से लागू होंगे। किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोहरे और रात में सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र ने कहा कि कटों और सड़क की खराब स्थिति को समयबद्ध सुधारना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कोहरे और रात में सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग और सड़क दुर्घटनाओं पर निरंतर निगरानी होगी। अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर उन्होंने सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जो अधिकारी इसमें रुचि नहीं लेंगे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उनका लक्ष्य है कि शहर में दुर्घटना में किसी भी सूरत में कमी आए। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएमओ विजय मलिक आरटीओ डॉ नीरज जिंदल डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×