करनाल पहुंचे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अवैध कॉलोनियों और केंद्रीय बजट को लेकर हरियाणा सरकार व भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि वे सार्वजनिक रूप से एक सूची जारी करें, जिसमें यह बताया जाए कि कौन-कौन से विधायक अवैध कॉलोनियां नहीं काट रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि उनकी नजर में तो भाजपा के अधिकांश नेता और विधायक अवैध कॉलोनियां काटने में लगे हुए हैं, जबकि आम जनता परेशानियों का सामना कर रही है और भाजपा नेता मस्त हैं।
सरकार आंखें मूंदकर बैठी
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में अवैध कॉलोनियों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन सरकार आंखें मूंदकर बैठी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण के चलते अवैध कॉलोनियां तेजी से पनप रही हैं और इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में कानून व्यवस्था और नियोजन व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
इस पावन अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था
केंद्रीय बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस दिन बजट पेश किया गया, वह दिन पूरी तरह गलत था, क्योंकि उसी दिन संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती थी। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था और संसद की कार्यवाही नहीं चलनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं संसद के सदस्य रह चुके हैं, लेकिन गुरु रविदास जयंती के सम्मान में वे उस दिन संसद नहीं गए।
बजट में प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया
हुड्डा ने केंद्रीय बजट को हरियाणा विरोधी बताते हुए कहा कि बजट में प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा देश में सबसे अधिक जीएसटी, टैक्स और टोल टैक्स देता है, इसके बावजूद बजट में राज्य का नाम तक नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के रहते हुए भी हरियाणा को नजरअंदाज किया जाना प्रदेश की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने बजट को आम जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसमें किसानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं।
केंद्र सरकार ने मनरेगा का बजट कम कर दिया
मनरेगा को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसका बजट कम कर दिया है, जिससे ग्रामीण रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने के अपने वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।
गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने का सभी को संदेश दिया
बता दें कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा शनिवार को करनाल में पहुंचे थे, जहां पर गुरु रविदास जी की जयंती पर उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने का सभी को संदेश दिया। इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश वैद्य, पूर्व विधायक सुमिता, पूर्व मंत्री भीम सिंह मेहता, पूर्व विधायक कांग्रेसी कांबोज, सुरेश गुप्ता मतलोड़ा, मनोज वधवा, निश्चय सोही, कांग्रेस एससी विभाग करनाल के जिलाध्यक्ष रोहित जोशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता व समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश