हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड जीत दर्ज कर विजयी पताका फहराएगी। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की “विकास रेल” तेज गति से चल रही है। विज ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की, इसके बाद दिल्ली और बिहार में भी जनता का विश्वास प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बीएमसी चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिली है और अब पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नाजायज रूप से बंद नहीं की गई
ऊर्जा मंत्री हिसार में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी ही देश का समग्र विकास कर सकती है और आमजन के उत्थान के लिए ईमानदारी से कार्य कर रही है। हरियाणा में पेंशन बंद किए जाने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विज ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नाजायज रूप से बंद नहीं की गई है। यदि किसी की पेंशन रोकी गई है और उसे आपत्ति है तो वह संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कर अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति की आय निर्धारित सीमा से अधिक हो जाती है, तो आय से जुड़ी योजना होने के कारण पेंशन स्वतः बंद हो जाती है। विपक्ष द्वारा इस विषय को लेकर आंदोलन किए जाने पर उन्होंने कहा कि आंदोलन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।
आजकल हुड्डा परेशान हैं क्योंकि उनकी पार्टी में उनकी कोई पूछ नहीं
विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा केंद्रीय बजट में किसानों को कुछ न दिए जाने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हुड्डा न तो बजट को ध्यान से देखते हैं और न ही सुनते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल हुड्डा परेशान हैं क्योंकि उनकी पार्टी में उनकी कोई पूछ नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें बजट के प्रावधानों को समझना चाहिए, जिसमें किसानों के सहयोग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित योजनाएं भी शामिल हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर अनिल विज ने कहा कि “मैं पार्टी का एक बहुत छोटा सा कार्यकर्ता हूं। प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।”
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश