पानीपत जिले के बापौली थाना क्षेत्र के गढ़ी नवाब गांव में 27 वर्षीय युवक मोहित की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मोहित बुधवार, 4 फरवरी की सुबह करीब 10:30 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत में काम करने गया था। जब वह दोपहर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसे खेत में रोटावेटर से कुचली हुई हालत में पाया। वहीं मृतक के पिता का आरोप है कि जब वे खेत पहुंचे, तो कुछ युवक मोहित को ट्रैक्टर के नीचे से खींच रहे थे।
शव पर रोटावेटर से कटने के लगभग 15 निशान
परिजनों ने इसे पुराना जमीनी विवाद बताते हुए सोची-समझी हत्या करार दिया है। पुलिस सूत्रों मुताबिक आजाद, सतीश और गौरव सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं FSL की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए है। बता दें शव पर रोटावेटर से कटने के लगभग 15 निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है।
टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए
परिजनों के अनुसार उनका 27 वर्षीय बेटा मोहित बुधवार की सुबह करीब 10:30 बजे अपना ट्रैक्टर लेकर खेत में काम करने गया था, लेकिन जब वह दोपहर तक भी घर वापस नहीं आया, तो उन्हें चिंता हुई और उसे ढूंढते हुए खेतों में पहुंचे, लेकिन वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। मोहित का शव रोटावेटर की चपेट में आने के कारण क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। दोनों ही टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जानने की कोशिश कर रही है कि ये एक दुर्घटना है या फिर किसी साजिश का हिस्सा।
मोहित की मौत से पूरा परिवार टूट गया
वहीं इस मामले को लेकर मृतक मोहित के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों के साथ उनका काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या करने के बाद उसे 'हादसा' दिखाने के लिए रोटावेटर से कुचला गया है। परिजनों ने बताया कि मोहित अविवाहित था। उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है और वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी रोष है और उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इस विषय में बापौली थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर 3 लोगों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश