कुरुक्षेत्र पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत बोले भारत अमेरिका ट्रेड डील से किसान और जनता बर्बाद होगी। उन्होंने कहा कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौते एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के खिलाफ देश के हर राज्य में महापंचायत कर लोगों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा, टिकैत बोले कि अब ट्रैक्टर भी तैयार हैं और किसान भी तैयार। बता दें कि मंगलवार को कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में किसानों की बैठक में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों से किसान पहुंचे। बैठक के दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड डील से होने वाले नुकसानों को लेकर चर्चा की गई। किसानों ने आशंका जताई कि इस डील से कृषि क्षेत्र पर असर पड़ सकता है।
देश के हर राज्य में महापंचायत आयोजित की जाएगी
बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि देश के हर राज्य में महापंचायत आयोजित की जाएगी। इन महापंचायतों के जरिए किसानों और आम जनता को ट्रेड डील के मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा। बैठक के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि किसान अब पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अब ट्रैक्टर भी तैयार हैं और किसान भी तैयार हैं। हम जनता के मुद्दों को उठाने के लिए मैदान में उतरेंगे और जनता के हितों की लड़ाई लड़ेंगे। टिकैत ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ किसानों का नहीं, बल्कि आम जनता के हितों से जुड़ा मुद्दा है। राकेश टिकैत ने बताया कि 10 मार्च से 13 अप्रैल तक देश के हर राज्य में महापंचायत आयोजित होगी।
मजदूरों के साथ संयुक्त संघर्षों को तेज किया जाएगा
SKM की राष्ट्रीय परिषद की बैठक ने निर्णय लिया है कि जब तक प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक स्वतंत्र संघर्षों के साथ-साथ मजदूरों के साथ संयुक्त संघर्षों को तेज किया जाएगा। प्रमुख मांगों में भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर न करना, बिजली बिल, बीज विधेयक, चार श्रम संहिताओं, ग्राम-जी अधिनियम का विरोध तथा MSP@C2+50% की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी और 2013 के LARR अधिनियम के क्रियान्वयन जैसी लंबित मांगें शामिल हैं। SKM केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कृषि मजदूर संगठनों के मंच के साथ समन्वय बैठकें करेगा और संयुक्त संघर्षों के अंतिम कार्यक्रम पर निर्णय लेगा। SKM 9 मार्च तक गांवों में जनसभाओं के माध्यम से संघर्ष को गांव-गांव तक ले जाएगा।
किसान डाकघरों तक जुलूस निकालकर राष्ट्रपति को ऐसे खुले पत्र भेजेंगे
इसमें भारत के राष्ट्रपति से वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल को बर्खास्त करने, प्रधानमंत्री को राष्ट्रविरोधी भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर न करने का निर्देश देने तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को गेहूं और धान किसानों के बोनस को समाप्त करने वाले डीओ पत्र को वापस लेने का निर्देश देने की मांग की जाएगी। किसान डाकघरों तक जुलूस निकालकर राष्ट्रपति को ऐसे खुले पत्र भेजेंगे। बैठक ने सेब, सोयाबीन, कपास, मक्का आदि प्रभावित फसलों की खेती करने वाले गांवों में विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।
संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के नेताओं से मिलेंगे
27 फरवरी या उसके बाद SKM के प्रतिनिधिमंडल संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के नेताओं से मिलेंगे। उनसे केंद्र की मोदी सरकार द्वारा सत्ता के केंद्रीकरण का विरोध करने, राज्यों के संघीय अधिकारों की रक्षा करने, संसद से जीएसटी अधिनियम में संशोधन कर राज्यों की कराधान शक्ति बहाल करने तथा विभाज्य कर पूल (सेस और अधिभार सहित) में राज्यों की हिस्सेदारी वर्तमान 33% के बजाय 60% करने की मांग की जाएगी। बैठक ने निर्णय लिया कि संसद के अगले सत्र के पहले दिन, 9 मार्च को जंतर-मंतर पर ट्रेड यूनियनों और कृषि मजदूर संगठनों के मंच के साथ मिलकर मजदूर–किसान संसद आयोजित की जाएगी।
भविष्य के लंबे संघर्ष की तैयारी की जाएगी
बैठक ने सभी राज्य समन्वय समितियों से आह्वान किया कि वे 10 मार्च से 13 अप्रैल (जलियांवाला बाग दिवस) तक देशभर में महापंचायतें आयोजित करें। इसकी शुरुआत पंजाब के बरनाला से होगी। इन महापंचायतों में हजारों किसान भाग लेंगे, भारत–अमेरिका व्यापार समझौते और मोदी सरकार की अन्य कॉरपोरेट-समर्थक नीतियों के खतरों को समझाया जाएगा तथा भविष्य के लंबे संघर्ष की तैयारी की जाएगी। 23 मार्च शहीद दिवस को देशभर में साम्राज्यवाद-विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके विस्तृत कार्यक्रम राज्य स्तर पर तय किए जाएंगे। बैठक ने पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र में किसानों के आंदोलनों पर किए गए पुलिस दमन की कड़ी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया।
15 सदस्यीय समिति का गठन
बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) द्वारा भेजे गए पत्र पर चर्चा की गई और उनसे वार्ता के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इस समिति में जोगिंदर सिंह उग्राहां, युधवीर सिंह, पी. कृष्णप्रसाद, रामिंदर सिंह पटियाला और बलदेव सिंह निहालगढ़ शामिल होंगे। MSP और संबंधित मुद्दों पर किसानों की मांगों के संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति से मिलने के लिए 15 सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता सात सदस्यीय अध्यक्षमंडल ने की, जिसमें जोगिंदर सिंह उग्राहां, राकेश टिकैत, डॉ. अशोक धवले, आशीष मित्तल, जगमोहन सिंह, राजन क्षीरसागर और जोगिंदर सिंह नैन शामिल थे। पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और केरल सहित 9 राज्यों से 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। इंद्रजीत सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने कुरुक्षेत्र स्थित जाट धर्मशाला में चौधरी छोटू राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
related
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
स्वच्छता सर्वे में फिसड्डी शहर, सरकार के दावों की खुली पोल, सैलजा बोलीं -'गार्बेज’ के नाम पर घोटाला रोके सरकार
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा में उठाया IDFC बैंक घोटाला और मनरेगा का मुद्दा, बोले- यह बेहद ही गंभीर मामला
Latest stories
मुख्यमंत्री नायब सैनी के जन्मदिन पर हवन का आयोजन, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
युवती ने कारोबारी को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जाल में फंसाया, हरिद्वार जाते होटल में दिया बड़े 'कांड' को अंजाम