अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़, ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर द्वारा “वंदे मातरम् – स्वर्णिम भारत” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नारी सम्मान और स्वर्णिम भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।
पूरे समाज को मिलकर एक सुरक्षित वातावरण बनाना होगा : हरविंद्र कल्याण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी समाज की शक्ति है और जब महिलाओं को सम्मान, शिक्षा और संस्कार मिलते हैं तो राष्ट्र स्वतः ही उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ता है। हमारी बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरे समाज को मिलकर एक सुरक्षित वातावरण बनाना होगा। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज द्वारा महिलाओं में नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों के जागरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
नारी शक्ति समाज की आधारशिला : भारत भूषण
इस अवसर पर मुख्य वक्ता राजयोगी भारत भूषण, निदेशक ज्ञान मानसरोवर ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है। जब महिलाएं आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से सशक्त बनती हैं, तब परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक जागरूकता बढ़ाकर महिलाएं अपने जीवन में शांति, शक्ति और संतुलन ला सकती हैं, जिससे स्वर्णिम भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही : कोमल सैनी
विशिष्ट अतिथि के रूप में पानीपत की महापौर कोमल सैनी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि नारी के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान बीके सुनीता दीदी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। बीके बिंदू दीदी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया तथा बीके सुमन बहन, बीके मोनिका बहन ने सभी अतिथियों का बैज व गुलदस्ते देकर सम्मान किया। मंच का संचालन ब्रह्माकुमारी दिव्या ने किया।