loader
The Haryana Story | चुलकाना गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर की मीटिंग, फीडबैक लिया

चुलकाना गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर की मीटिंग, फीडबैक लिया

गांव में हो चुके विकास कार्यों की ली गई फीडबैक और आगामी समय में होने वाले विकास कार्यों की विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बनाई गई रूपरेखा

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सरपंच सतीश छौक्कर विकास कमेटी और अधिकारियों से वार्तालाप करते हुए।

चुलकाना गांव में करीब 34 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे कुश्ती हाल के अलावा करोड़ों रुपए के अन्य विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांव के सरपंच, पांच सदस्यों की विकास कार्यों की कमेटी के अलावा अन्य गांव वासियों से गहनता से मंत्रणा करके विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग की और फीडबैक लिया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के सांसद निधि कोटे और विधायक मनमोहन बढ़ाना के कोटे से गांव में काफी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और उनमें से काफी विकास कार्य हो भी चुके हैं, उन सभी कार्यों को लेकर यहां एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के सरपंच सतीश छौक्कर और ग्राम विकास कमेटी के पांच सदस्यों में सरपंच सतीश छौक्कर, सूरजमल गोस्वामी, भूषण नंबरदार, अशोक छौक्कर व दिनेश के द्वारा किए गए विकास कार्यों की रिपोर्ट दी गई, इसके अलावा उन्होंने गांव में होने वाले विकास कार्यों के बारे में भी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को जानकारियां दी।

फ्री लाइब्रेरी में 100 बेंच और कुर्सी मंगवाने की मांग

गौरतलब है कि गांव की फिरनी का टेंडर किया गया था जिसमें पी.डब्ल्यू.डी. के द्वारा काम चल रहा था जो कि अब वह कार्य तो पूरा हो चुका है, लेकिन उसमें से करीब 900 मीटर का टुकड़ा ऐसा बच्चा है जो अभी अधूरा पड़ा है, उसको लेकर भी सरपंच और कमेटी की ओर से कहा गया है कि उसको बनवाया जाए तो मौका पर ही पी.डब्ल्यू.डी. के अधिकारियों ने कहा कि इसको बनवाने के लिए जल्दी ही प्रपोजल तैयार की जाएगी ताकि प्रपोजल तैयार करके इसका एस्टीमेट बनाया जा सके। इसके अलावा गांव में चल रही फ्री लाइब्रेरी में 100 बेंच और कुर्सी मंगवाने की भी मांग की गई, जिसको लेकर फर्नीचर लाने की खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय की ओर से व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके अलावा यहां मनोहर लाल से लाइब्रेरी में सोलर प्लेट लगवाने के भी मांग की गई है।

गांव के तालाब में हो रहा विकास कार्य।

सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाने की मांग

गांव की फिरनी के चारों ओर करीब 50 लाइटें लगा दी गई है, लेकिन गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाने के भी मांग की गई है, जिसको लेकर कार्रवाई की जा रही है, अगर शमशान घाट की बात की जाए तो वहां काफी विकास कार्य पंचायत के द्वारा करवा दिए गए हैं और उसे अंतिम रूप दिया जाना है। तालाब के सौंदर्य करण को लेकर सरपंच और कमेटी की ओर से जब मांग की गई तो खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय से सचिव प्रवीण कुमार सैनी ने बताया कि गांव में चार जोहड़ हैं जिसमें दो जोहड़ों पर काम हो चुका है और दो जोहड़ों पर काम चल रहा है। 

दो एकड़ जमीन होगी तो ही व्यायामशाला बनाई जाएगी

स्कूल की बिल्डिंग में कार्य करवाए जाने के अलावा गांव के स्टेडियम हाल के बारे में भी चर्चा की गई, जिसमें कमेटी और सरपंच के द्वारा बताया गया कि करीब 34 लाख रुपए की लागत से कुश्ती हाल बनवाने का कार्य किया जा रहा है, हालांकि गांव में व्यायाम शाला बनवाने की भी मांग की गई तो मौका पर खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय की ओर से ग्राम सचिव प्रवीण सैनी ने कहा कि गांव के नजदीक अगर दो एकड़ जमीन होगी तो ही व्यायामशाला बनाई जाएगी, हालांकि सरपंच सतीश छौक्कर ने कहा कि जिस गांव में स्टेडियम है उस गांव में व्यायाम शाला नहीं बनाई जाएगी यह विभाग की ओर से निर्देश हैं। गांव में ओपन जिम लगवाने की मांग को लेकर भी खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय की ओर से ग्राम सचिव प्रवीण सैनी के द्वारा मौका पर ही कहा गया कि गांव के स्कूल की बिल्डिंग या अन्य सार्वजनिक जगह पर जल्द ही ओपन जिम लगवाने के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी।

गांव वासियों के बैठने की जगह पर निर्माण कार्य होते हुए।

सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग

गांव में सफाई कर्मचारी कम होने के कारण सफाई व्यवस्था सही ढंग से न होने को लेकर भी विकास कमेटी और गांव वासियों की ओर से गांव में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की गई तो मौका पर ही मनोहर लाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कहा कि वह इस कार्य को तुरंत प्रभाव से करवाने का काम करें। इस बारे में जब सचिव प्रवीण सैनी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गांव में वर्ष 2011 की जनगणना के हिसाब से 6 सफाई कर्मचारी थे, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है यानी फिलहाल पांच सफाई कर्मचारी सफाई करने का काम कर रहे हैं उन्होंने कहा कि आगामी समय में जब भी जनगणना होगी तो जनगणना के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। 

विकास कार्यों को करवाने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे

सरपंच सतीश छौक्कर ने कहा कि जी.टी. रोड से चुलकाना गांव तक जाने वाले आर.एस.एस. रोड पर करीब 100 लाइटें लगाई गई है जिसको लेकर लोगों को रात को भी दिन होने जैसा लगा रहता है, कुल मिलाकर उन्होंने कहा कि विधायक मनमोहन भड़ाना और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से यह सब हो पाया है और निश्चित रूप से करीब ढाई करोड रुपए की लागत से चुलकाना गांव में विकास कार्य हो चुके हैं और करोड़ों रुपए की लागत से आगे भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। सरपंच सतीश छौक्कर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और विधायक मनमोहन भड़ाना ने गांव को गोद ले रखा है और उसी के हिसाब से वह गांव में विकास कार्यों को करवाने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे।

मनोहर लाल फ्री लाइब्रेरी में लड़कियों से लाइब्रेरी के बारे में जानकारी हासिल करते हुए।

बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पाने वाले लिस्ट में अपना भी नाम दर्ज करवाएं

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लाइब्रेरी में पढ़ने वाले लड़के और लड़कियों से भी पढ़ाई के बारे में बातचीत की तो लड़के और लड़कियों ने बताया कि यहां गांव वासी इस लाइब्रेरी को फ्री में चलाने का काम कर रहे हैं और इस लाइब्रेरी के माध्यम से ही आपके समय से लेकर अब तक करीब 500 बच्चे विभिन्न नौकरियां प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह सब मनोहर लाल की ही देन है, क्योंकि बिना पर्ची और बिना खर्ची के गांव के 500 बच्चों को सरकारी रोजगार मिलना बहुत बड़ी बात है, इसको लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने यहां लड़कों की पीठ थपथपाई और लड़कियों को अपना आशीर्वाद दिया कि वह भी उन बच्चों की तरह सरकारी नौकरी पाएं और बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पाने वाले लिस्ट में अपना भी नाम दर्ज करवाएं। इससे पहले गांव में पहुंचने पर सरपंच सतीश छौक्कर और गांव की विकास कमेटी के अलावा अन्य गांव वासियों के द्वारा फूलों के गुलदस्ते देकर मनोहर लाल का स्वागत किया गया। 

निष्ठा भाव से काम करने के लिए कहा

इस मौके पर मनोहर लाल ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा को दोबारा से चेयरपर्सन बनने पर उन्हें बधाई दी और उन्हें इमानदारी और निष्ठा भाव से काम करने के लिए कहा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, कृष्ण छौक्कर, विभिन्न विभागों के अधिकारी और काफी संख्या में गांव वासी उपस्थित थे। 

 

Join The Conversation Opens in a new tab
×