रसोई गैस की कथित कमी की खबरों के बीच देशभर में लोग एलपीजी वितरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ रेस्तरां, स्कूलों और खानपान सेवाओं का कामकाज भी प्रभावित होने लगा है। वहीं कांग्रेस पार्टी सहित अन्य राजनैतिक दल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और किल्लत को लेकर धरने प्रदर्शन कर रही है। कहीं गैस सिलेंडर की अर्थी निकाली है तो कहीं सड़कों पर चूल्हे रख रोटी बनाकर प्रदर्शन किया जा रहा है। ऐसा ही एक अनोखा प्रदर्शन हरियाणा के सोनीपत में देखने को मिला।
सड़क पर चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं
गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और किल्लत को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सुभाष चौक पर अनोखा प्रदर्शन किया. महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर महंगाई का आरोप लगाते हुए इसे वापस पुराने दौर में जाने जैसा बताया। इस प्रदर्शन में स्थानीय कांग्रेस नेता और महिलाएं मौजूद रही। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सिलेंडर इतने महंगे हो गए हैं कि आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं, इसलिए वे मजबूरन चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
वहीं चटनी भी तैयार की गई
जानकारी मुताबिक सोनीपत जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को शहर में गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से सुभाष चौक तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सुभाष चौक पर मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इतना ही नहीं वहीं चटनी भी तैयार की गई और बर्तनों को बजाकर महंगाई के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया।
पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग
सोनीपत शहर से पूर्व विधायक सुरेन्द्र पंवार ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष कमल दीवान ने कहा कि मुरथल के छोटे ढाबा संचालक परेशान हैं, जबकि रिक्शा और रेहड़ी पर खाने का सामान बेचने वाले दुकानदारों का काम भी सिलेंडर न मिलने के कारण प्रभावित हो रहा है। बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं अनुशासनात्मक कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने कहा कि एक तरफ गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं और दूसरी तरफ लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस की कीमतों पर नियंत्रण करने और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की।
related
Latest stories
हरियाणा के 'इस गांव' की पंचायत ने समाज हित में लिए अहम फैसले, भात नोतने से लेकर मृत्यु भोज तक कई प्रस्ताव पास
बादशाह तूने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की, तेरे क्लब पर तुझे ट्रेलर दिखाया था, अब सीधा तेरे माथे में गोली मारेंगे
डिवाइडर से टकरा कर पलटी हरियाणा रोडवेज की बस, 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, वीडियो कॉल पर था ड्राइवर