हरियाणा के पानीपत जिला के किवाना गांव (खंड समालखा) की ग्राम पंचायत ने भात नोतने के लिए आने वाली संख्या को कम करने, किन्नरों की बधाई की राशि फिक्स करने और मृत्यु भोज 70 वर्ष से कम न करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों पर समाज और गांव के हित को लेकर अपनी मोहर लगाई है। सरपंच चैनपाल छौक्कर की अध्यक्षता में आयोजित की गई मीटिंग में जितने भी फैसले लिए गए हैं, मौका पर ही सभी फैसलों को ग्राम सचिव प्रवीण सैनी के द्वारा साथ के साथ कार्रवाई रजिस्टर में चढ़ाया गया हैं। सरपंच चैनपाल छौक्कर ने बताया कि गांव में जो भी हमारी बुआ या बहन अपने लड़के या लड़की की शादी के लिए भात नोतने के लिए आती है या हमारे परिवार में शादी हो तो हमारे परिवार की ओर से भी महिलाएं अपने मायके में भात नोतने के लिए जाती हैं तो उसमें काफी संख्या में महिलाओं और पुरुषों को जाने की रीति रिवाज चली हुई है, जो कि गरीब लोगों के हित में नहीं है।
बुआ-बहन भात नोतने के लिए आए तो उसमें 7 और 8 की संख्या से ज्यादा न हो
उन्होंने बताया कि जब भात नोतने के लिए बुआ या बहन आती है या हमारे घर से अपने मायके में महिलाएं जाती हैं तो वहां पर पूरे गांव में लोगों को निमंत्रण दिया जाता है कि हमारे कार्यक्रम में शामिल हो और इसको लेकर इस रीति-रिवाज़ में काफी ज्यादा खर्च होता है। सरपंच चैनपाल ने कहा कि ऐसे में उन परिवारों को परेशानी होती है, जिनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है तो इस स्थिति में उनके लिए बड़ी भारी परेशानी होती है, इसलिए सभी लोगों का जीवन यापन करने का सामान अधिकार हो और इस मुद्दे पर सभी गांव वासियों की सहमति से फैसला लिया गया कि गांव से जो भी महिला अपने मायके भात नोतने के लिए जाए या हमारी बुआ या बहन भात नोतने के लिए हमारे घर आए तो उसमें 7 और 8 की संख्या से ज्यादा न हो, मौका पर ही यह प्रस्ताव पास कर दिया गया है, इतना ही नहीं लड़की की शादी की चिट्ठी लिखवाने के लिए जब प्रक्रिया की जाती है तो उसमें भी केवल परिवार और आस पड़ोस के लोगों को ही बुलाया जाए, दोनों फैसलों को सर्वसमिति से पास कर दिया गया है।
2100 रुपए से ज्यादा की राशि किन्नरों को नहीं दी जाए
गांव में किन्नरों की समस्या को लेकर भी मीटिंग में मुद्दा उठा कि गांव में किसी भी शादी या अन्य खुशी के मौके पर किन्नर गांव में आते हैं और वह 5100 रुपए से ज्यादा की राशि लेकर जाते हैं और इस स्थिति में कोई गरीब परिवार उनको कम पैसे देना चाहे तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, इस विषय को लेकर भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि गांव में किसी भी खुशी के मौके पर जब किन्नर आए तो वह 2100 रुपए से ज्यादा की राशि किन्नरों को नहीं दी जाए और अगर गांव का कोई भी व्यक्ति 2100 रुपए से ज्यादा राशि किन्नरों को देगा तो उस व्यक्ति के ऊपर भी जुर्माना करने के लिए पंचायत हकदार होगी, इस मुद्दे को भी गांव वासियों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया है।
70 वर्ष की आयु से अधिक अगर किसी बुजुर्ग की मृत्यु होती है तो ही मृत्यु भोज किया जाएगा
गांव में अगर किसी की मृत्यु हो जाती है तो उसकी मृत्यु के पश्चात मृत्यु भोज किया जाता है जो कि समाज के हित में नहीं है, इस विषय को लेकर भी सर्व समिति से प्रस्ताव पास किया गया कि गांव में 70 वर्ष की आयु से अधिक अगर किसी बुजुर्ग की मृत्यु होती है तो ही मृत्यु भोज किया जाएगा, और अगर 70 वर्ष की आयु से पहले किसी की मृत्यु होती है तो उसको लेकर मृत्यु भोज नहीं किया जाएगा, यह प्रस्ताव भी मौका पर ही पास करके पंचायत की कार्रवाई में लिखा गया है। गांव में कुछ युवाओं के द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़ने को लेकर भी इस मीटिंग में चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि गांव का कोई भी युवा अगर बुलेट या अन्य मोटरसाइकिलों से पटाखे छोड़ना हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ भी पंचायत की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत सभी गांव वासियों को साथ लेकर काम कर रही
इस अवसर पर गांव के सरपंच चैनपाल छौक्कर ने कहा कि किवाना गांव एक ऐसा गांव बने, जिसमें किसी भी गांव वासी को कोई भी सामूहिक रूप से परेशानी ना हो और अगर उसे व्यक्तिगत रूप से परेशानी हो तो उस स्थिति में भी हम एक दूसरे की मानवता के हिसाब से मदद करने का काम करें, और इसी मंशा को लेकर ग्राम पंचायत सभी गांव वासियों को साथ लेकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त जितने भी फैसले लिए गए हैं वह सभी गांव वासियों के लोगों के हित के लिए, लिए गए हैं और सभी गांव वासी इस तरह के फैसले लेने पर गांव की पंचायत का साथ दें, ताकि गांव की पंचायत एक ऐसी पंचायत बन सके, जिसकी आस पड़ोस के गांव ही नहीं जिला पानीपत और हरियाणा प्रदेश में चर्चा चले कि किवाना गांव की पंचायत ने कितने अच्छे फैसले लिए हैं।
related
Latest stories
हरियाणा के 'इस गांव' की पंचायत ने समाज हित में लिए अहम फैसले, भात नोतने से लेकर मृत्यु भोज तक कई प्रस्ताव पास
बादशाह तूने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की, तेरे क्लब पर तुझे ट्रेलर दिखाया था, अब सीधा तेरे माथे में गोली मारेंगे
डिवाइडर से टकरा कर पलटी हरियाणा रोडवेज की बस, 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, वीडियो कॉल पर था ड्राइवर